Hindi News

indianarrative

Chaitra Navratri 2021: घोड़े पर सवार आई मां दुर्गा, शक्ति के कोप से बचने के लिए कैसे करें जप-तप व्रत, जानें शुभ मुहूर्त और पूजा का विधान

Happy Navratri 2021

सनातन धर्म के नववर्ष का पहला दिन और नवरात्र के पहले दिन विधिविधान से घट स्थापना के साथ प्रथम आदिशक्ति मां दुर्गा के शैलपुत्री स्वरूप का भव्य शृंगार, पूजन किया जा रहा है देवी के अखण्ड ज्योति जलाकर भक्त नौ दिन के व्रत का संकल्प लेंगे। घरों और मन्दिरों में नौ दिनों तक श्रद्धापूर्वक मां भगवती की पूजा-अर्चना की जाएगी। जप, तप, यज्ञ, हवन, अनुष्ठान करके भक्त महामारी से मुक्ति की कामना करेंगे। हिन्दू पंचांग के अनुसार, नवरात्र के साथ ही नवसंवत्सर की शुरुआत भी हो रही है।

नवरात्र का समापन 22अप्रैल को होगा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए शक्तिपीठ कल्याणी देवी, ललिता देवी,अलोपशंकरी देवी समेत सभी देवी मंदिरों में सुबह छह बजे से पट खुलने के बाद भक्त दर्शन-पूजन शुरू कर देंगे। मंदिरों में सोशल डिस्टेंसिंग के लिए गोल घेरे बनाए गए हैं। मास्क और सेनेटाइजर का भी व्यवस्था की गई है। मन्दिर के गेट पर भक्तों का थर्मल स्कैनिंग भी की जाएगी। कोरोना गाइड लाइन के मुताबिक रात 9बजे के बाद मन्दिर के पट बन्द हो जाएंगे। हालांकि इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को देखते हुए मंदिरों में पुलिस व्यवस्था कम रहेगी। इसलिए पांच-पांच भक्तों को एक साथ दर्शन-पूजन के लिए भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी मन्दिर प्रबन्धन की रहेगी।

सर्वार्थ सिद्धि व अमृत सिद्धि योग कलश स्थापना 

नवरात्र  के दिन सर्वार्थ सिद्धि व अमृत सिद्धि योग ने कलश स्थापना के लिए सर्वोपयुक्त है। इस बार मां दुर्गा का अश्व पर आगमन है और प्रस्थान मानव के कंधे पर होगा।

अभीजीत मुहूर्त सुबह 11: 36बजे से दोपहर 12:24बजे तक

घटस्थापना के लिए पूजन सामग्री

घटस्थापना के लिए कलश, सात तरह के अनाज, पवित्र स्थान की मिट्टी, गंगाजल, कलावा, आम के पत्ते, नारियल, सुपारी, अक्षत, फूल, फूलमाला, लाल कपड़ा, मिठाई, सिंदूर, दूर्वा, कपूर, हल्दी, घी, दूध आदि वस्तुएं जरूरी हैं।

प्रत्याहार

नवरात्र में हवन, पूजन के साथ व्रत, उपवास का विशिष्ट महत्व है। इस दौरान संयमित जीवन शैली  रोग प्रतिरोधक क्षमता की वृद्धि में भी सहायक है। नवरात्र में व्रत रहने से आत्मिक, शारीरिक और मानसिक शक्ति मिलती है। व्रत में तामसिक चीजों का त्याग कर देते हैं। आदि शक्ति के निमित्त भोजन त्याग की भावना आत्मबल प्रदान करती है। सुपाच्य आहार, विहार, व्यवहार और विचार से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।

जकलश स्थापना के बाद चौकी की स्थापना

  • सबसे पहले एक लकड़ी की चौकी को गंगाजल या स्वच्छ जल से धोकर पवित्र कर लें।
  • अब इसे साफ कपड़े से पोछकर लाल कपड़ा बिछाएं।
  • चौकी के दाएं ओर कलश रखें।
  • चौकी पर मां दुर्गा की फोटो या प्रतिमा स्थापित करें।
  • माता रानी को लाल रंग की चुनरी ओढ़ाएं।
  • धूप-दीपक आदि जलाकर मां दुर्गा की पूजा करें।
  • नौ दिनों तक जलने वाली अखंड ज्योत माता रानी के सामने जलाएं।
  • देवी मां को तिलक लगाएं।
  • मां दुर्गा को चूड़ी, वस्त्र, सिंदूर, कुमकुम, पुष्प, हल्दी, रोली, सुहान का सामान अर्पित करें।
  • मां दु्र्गा को इत्र, फल और मिठाई अर्पित करें।
  • अब दुर्गा सप्तशती के पाठ देवी मां के स्तोत्र, सहस्रनाम आदि का पाठ करें।
  • मां दुर्गा की आरती उतारें।
  • अब वेदी पर बोए अनाज पर जल छिड़कें।
  • नवरात्रि के नौ दिन तक मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करें।