Hindi News

indianarrative

छठ पूजा 2020 : बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने दिया डूबते सूर्य को अर्घ्य

छठ पूजा 2020 : बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने दिया डूबते सूर्य को अर्घ्य

लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा में पूरा बिहार भक्तिमय हो गया है। भगवान भास्कर की अराधना में आम से लेकर खास जुटे हुए हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के तीसरे दिन शुक्रवार की शाम बिहार की राजधानी पटना के विभिन्न गंगा घाटों, तालाबों, जलाशयों और घर तथा अपार्टमेंट की छतों पर लाखों व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया और पूजा-अर्चना की।

इस मौके पर पटना के एक अणे मार्ग मुख्यमंत्री आवास पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भगवान भस्कर को अर्घ्य दिया। लोकआस्था के महापर्व छठ के मौके पर मुख्यमंत्री ने अपने स्वजनों को अर्घ्य दिलाया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ईश्वर से राज्य और देशवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

राज्य के उप-मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कटिहार शहर के बीएमपी छठ घाट पर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर की उपासना की। उन्होंने भी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।

बिहार की पहली महिला उप-मुख्यमंत्री रेणु देवी भी बड़े धूमधाम से छठ कर रही हैं। शुक्रवार को रेणु देवी ने अपने आवास पर अस्ताचलगामी सूर्य की पूजा कर अर्घ्य दिया।

शनिवार की सुबह लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि बुधवार को नहाय-खाय से चार दिवसीय छठ पर्व की शुरुआत हुई थी।.