Hindi News

indianarrative

Delhi-NCR में मौसम ने ली करवट! बूंदाबांदी संग हुई दिन की शुरुआत, गर्मी से राहत

delhi-NCR Weather

दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में शुक्रवार देर रात मौसम (Weather) ने अचानक करवट ली। यहां तेज हवाएं चलने और बारिश (Rain) से लोगों को गर्मी के प्रकोप से कुछ राहत मिली। जिसके बाद से दिल्ली-एनसीआर में कुछ जगहों पर हुई हल्की बूंदाबांदी से मौसम एक बार फिर खुशगवार हो गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक राजधानी का मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज दिन भी आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। दिल्ली में इस महीने में पहली बार शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य हुआ। दिनभर बादल छाए रहने और दक्षिण-पूर्वी हवाओं के चलते तापमान में भी गिरावट आई।

ये भी पढ़े: Weather Update: आज फिर दिल्ली-NCR में बारिश होने की संभावना, तेज हवाओं से मिलेगी वायु प्रदूषण से राहत

गौरतलब है दिल्ली के लोगों को इस बार फरवरी में सामान्य से ज्यादा गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम का यही रुख मार्च में भी बना हुआ है। इस महीने में अभी तक एक बार भी अधिकतम तापमान सामान्य नहीं हुआ था। आमतौर पर मार्च में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से पांच डिग्री तक ज्यादा बना हुआ था। एक दिन पहले गुरुवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों ही सामान्य से पांच-पांच डिग्री ज्यादा रहे थे, लेकिन दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में शुक्रवार की सुबह से ही घने बादल छाए रहे। दिनभर बादलों की मौजूदगी आसमान में बनी रही। इसके चलते तेज धूप नहीं निकली। मौसम की इन गतिविधियों के चलते दिल्ली के अधिकतम तापमान में खासी गिरावट हुई है।

दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो कि इस समय का सामान्य तापमान है। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है।