राष्ट्रीय

‘खेल पर ही नहीं खिलाड़ियों पर भी महीन निगाहे रखते हैं PM नरेंद्र मोदी’

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी का आज 72वां जन्मदिन है। इस बेहद खास मोके पर देश-दुनिया से शुभकामना संदेशों का तांता लगा रहा। मोदी जी को बधाई देने वालों में खेल जगत की दुनिया से भारतीय बैडमिंटन क्वीन पी.वी सिंधु (PV Sindhu) का नाम भी शामिल है। पीएम मोदी आजाद भारत में जन्म लेने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री हैं। प्रधानमंत्री मोदी का जन्म गुजरात के वड़नगर में 17 सितंबर,1950 को हुआ था। भारत में खेलों के विकास में प्रधानमंत्री का विशेष योगदान है, जितना जोश खिलाड़ी खेल के मैदान में मैच जीतने के लिए दिखाते हैं प्रधानमंत्री मोदी भी उनके उत्साह बढ़ाने से पीछे नहीं हटते। वैसे  प्रधानमंत्री खेल के साथ-साथ खिलाड़ियों पर भी हमेशा अपनी निगाहें टिकाए रहते हैं। इसी कड़ी में आज PM मोदी के जन्मदिन के दिन पी.वी सिंधु ने कुछ खास पलों को सभी के साथ साझा किया है।

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु (PV Sindhu) ने सबसे पहले अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक में रजत पदक जीतकर पहली भारतीय महिला होने का रिकॉर्ड बनाया था। सिंधु पहली ऐसी भारतीय महिला खिलाड़ी हैं, जिन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप का खिताब भी अपने नाम दर्ज किया था। फोर्ब्स पत्रिका के मुताबिक पीवी सिंधु साल 2018 एवं 2019 में सबसे ज्यादा कमाई ($8.5 मिलियन एवं 5.5 मिलियन ) करने वाली महिला एथलीटों की सूची में अपनी जगह बनाई है। वहीं साल 2021 में आयोजित टोक्यो ओलिंपिक में पी.वी. सिंधु ने कांस्य पदक जीता और अपने देश का नाम रोशन किया। इसके पिछले महीनों बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेल 2022 में महिला एकल के फाइनल बैडमिंटन मैच में कनाडा की मिशेल ली को हरा दिया। इस दौरान पीवी सिंधु ने मिशेल ली को 21-15, 21-13 से हराकर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। सिंधु के करियर का यह पहला राष्ट्रमंडल खेलों का एकल स्वर्ण है।

पी.वी सिंधु (PV Sindhu) ने याद किये कुछ सुनहरे पल

टोक्यो ओलंपिक 2020 भारत का अब तक का सबसे सफल ओलिंपिक था, जहां मैंने भी अपने देश के लिए पदक जीता था। देश में इसको लेकर चारों ओर हर्ष और उल्लास का माहौल था। टोक्यो ओलिंपिक में भाग लेने के लिए जाने से पहले हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने हमें अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित किया था। इसलिए टोक्यो ओलिंपिक के सफल अभियान से स्वदेश आने के पश्चात हम सब प्रधानमंत्री से मिलने की उम्मीद कर रहे थे। उम्मीद के अनुसार, कुछ ही दिनों में हम सभी को लोक कल्याण मार्ग पर आमंत्रित किया गया। प्रधानमंत्री के साथ हमारी बहुत ही रोचक बातचीत हुई, जहां हमने उनके साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने हम सब के प्रयासों की सराहना की और हमें भविष्य में और बेहतर करने को प्रेरित किया। उन्होंने खेल के लिए अपनी सरकार के रोडमैप को हमारे साथ साझा किया और भारत को एक खेल महाशक्ति बनाने में हम सबका सहयोग मांगा। उन्होंने हमसे युवाओं और उभरते खिलाड़ियों की मदद करने, उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा हेतु तैयार करने और उनके साथ अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता साझा करने की भी अपील की।

पीएम के साथ इस बैठक में एक और आश्चर्य मेरी प्रतीक्षा कर रहा था। खेल में फिटनेस काफी मायने रखती है, इसलिए जब मैं प्रैक्टिस करती थी तो मेरे माता-पिता मुझे आइसक्रीम खाने से रोकते थे। यह बात प्रधानमंत्री जी को पता थी। जब मैं तोक्यो ओलिंपिक में भाग लेने के लिए रवाना हो रही थी, तब प्रधानमंत्री जी ने मुझसे और मेरे माता-पिता से बात की थी और मुझसे वादा किया था कि टोक्यो में मेरी सफलता के बाद वे मेरे साथ आइसक्रीम खाएंगे। इस बैठक में मेरे सुखद आश्चर्य की तब कोई सीमा नहीं रही, जब उन्होंने मुझे मेरी पसंदीदा आइसक्रीम खिलाई। इसी तरह उन्होंने नीरज चोपड़ा से भी वादा किया था कि स्वदेश लौटने पर वह उन्हें चूरमा खिलाएंगे क्योंकि चूरमा नीरज को काफी पसंद है। प्रधानमंत्री ने अपना यह वादा भी पूरा किया। इन बातों का जिक्र मैंने यह बताने के लिए किया कि प्रधानमंत्री अपने खिलाड़ियों का किस कदर सम्मान करते हैं।

ये भी पढ़े:PM Narendra Modi स्वयंसेवक से प्रधानसेवक! फिल्मी कहानी जैसा है यह सफर

उस क्षण को कौन भूल सकता है, जब टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय हॉकी टीम उम्दा खेल के बावजूद पदक से चूक गई थी। तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला हॉकी टीम को फोन कर सभी खिलाड़ियों से बात की और उनका हौसला बढ़ाया। इसी तरह, जब हालिया बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में फाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम एक नजदीकी मुकाबले में गोल्ड मेडल से चूक गई, तब भी उन्होंने महिला क्रिकेट टीम को ढाढस बंधाया और उनकी उपलब्धि को भारत का गौरव बताया। इसी कॉमनवेल्थ गेम्स में जब फ्री-स्टाइल कुश्ती में पूजा गहलोत गोल्ड से चूक गईं और कांस्य पदक जीता, तब प्रधानमंत्री ने खुद उनका हौसला बढ़ाया। इन बातों की चर्चा पूरी दुनिया में होती है।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज ने जब क्रिकेट से संन्यास लिया तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद उन्हें खत लिखा, उनके करियर को अद्भुत बताया और युवाओं को उनसे प्रेरणा लेने की सलाह दी। वह महत्वपूर्ण खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से प्रतियोगिता से पहले भी मिलते हैं, उनकी हौसला-अफजाई करते हैं और हार-जीत से इतर प्रतियोगिता के समापन के बाद भी सभी खिलाड़ियों से मिलते हैं। वह पैरालिंपिक और डेफलिम्पिक्स खिलाड़ियों से भी बात करते हैं। प्रधानमंत्री का अपने खिलाड़ियों के लिए यह भाव वास्तव में अद‌्भुत है। जब भी मैंने कोई टूर्नामेंट या पदक जीता है, उन्होंने हमेशा मुझे फोन किया है या मुझसे मिले हैं। यह सब मुझे अच्छे खेल के लिए प्रेरित करता है और मुझे अपने देश के लिए कुछ कर गुजरने हेतु प्रोत्साहित करता है।

खेलों में उनकी भागीदारी, खिलाड़ियों की जरूरतों के बारे में उनकी समझ, खेल प्रतिभा को उभारने के लिए उनकी इनिशटिव, बुनियादी ढांचे के विकास में उनके प्रयास और खिलाड़ियों की जरूरतों पर उनके विशेष ध्यान – इन सभी ने वैश्विक आयोजनों में भारत के प्रदर्शन में बहुत बड़ा बदलाव किया है। भारतीय खेलों में उन्होंने जो बदलाव लाए हैं, वे अब विभिन्न अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में हमारे प्रदर्शन में दिखाई देने लगे हैं।

देश में प्रतिभा की कोई कमी न थी, न है। जरूरत बस उस प्रतिभा को पहचानने और उसमें निखार लाने की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं की प्रतिभा को पहचाना, इसे परिष्कृत करने के लिए नीतियां बनाईं। इसका परिणाम यह हुआ कि अब ऐथलेटिक्स से लेकर हर क्षेत्र में हमारे खिलाड़ी परचम लहरा रहे हैं और दुनिया भारत का लोहा मानने लगी है। ओलिंपिक हो या कॉमनवेल्थ गेम्स या एशियाड या फिर अन्य स्पोर्ट्स प्रतियोगिताएं, पिछले 8 वर्षों में भारत का प्रदर्शन काफी उत्कृष्ट रहा है।

पीएम मोदी की दूरदृष्टि उनकी अनूठी योजनाओं और कार्यक्रमों से झलकती है। ‘टारगेट ओलिंपिक पोडियम स्कीम’ (टॉप्स) के जरिए देश ने खिलाड़ियों को जरूरी सुविधाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलग से खेल मंत्रालय का गठन किया ताकि खेल पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया जा सके। खेल रत्न पुरस्कार का नामकरण हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर किया गया ताकि युवाओं में खेल के प्रति एक नए जोश और ऊर्जा का संचार हो। उन्होंने फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत की ताकि युवा स्वस्थ और निरोग रहें। खेल के लिए बजट आवंटन में भी भारी वृद्धि की गई है। खेलो इंडिया कार्यक्रम का भी बजट बढ़ाया गया है। खिलाड़ियों को मिलने वाले कुल प्रोत्साहन और पुरस्कार राशि को भी बढ़ाया गया है। इससे निस्संदेह भारत को खेल जगत में नए कीर्तिमान स्थापित करने में मदद मिलेगी।

 

आईएन ब्यूरो

Recent Posts

खून से सना है चंद किमी लंबे गाजा पट्टी का इतिहास, जानिए 41 किमी लंबे ‘खूनी’ पथ का अतीत!

ऑटोमन साम्राज्य से लेकर इजरायल तक खून से सना है सिर्फ 41 किमी लंबे गजा…

7 months ago

Israel हमास की लड़ाई से Apple और Google जैसी कंपनियों की अटकी सांसे! भारत शिफ्ट हो सकती हैं ये कंपरनियां।

मौजूदा दौर में Israelको टेक्नोलॉजी का गढ़ माना जाता है, इस देश में 500 से…

7 months ago

हमास को कहाँ से मिले Israel किलर हथियार? हुआ खुलासा! जंग तेज

हमास और इजरायल के बीच जारी युद्ध और तेज हो गया है और इजरायली सेना…

7 months ago

Israel-हमास युद्ध में साथ आए दो दुश्‍मन, सऊदी प्रिंस ने ईरानी राष्‍ट्रपति से 45 मिनट तक की फोन पर बात

इजरायल (Israel) और फिलिस्‍तीन के आतंकी संगठन हमास, भू-राजनीति को बदलने वाला घटनाक्रम साबित हो…

7 months ago

इजरायल में भारत की इन 10 कंपनियों का बड़ा कारोबार, हमास के साथ युद्ध से व्यापार पर बुरा असर

Israel और हमास के बीच चल रही लड़ाई के कारण हिन्दुस्तान की कई कंपनियों का…

7 months ago