Hindi News

indianarrative

Weather Update: दिल्ली-NCR में अभी पीछा नहीं छोड़ेगी बारिश, इन 10 राज्यों में अलर्ट

दिल्ली-NCR में आज भी बरसात होने की उम्मीद

Weather Update: दिल्ली-NCR में आज भी आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और जमकर बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मॉनसून और पश्चिमी विक्षोभ के एक साथ एक्टिव होने से पूरे उत्तर भारत में पिछले 3 दिनों से बहुत भारी बारिश हो रही है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। 10 जुलाई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। दिल्ली में पिछले एक दिन में 107 मिमी। बारिश दर्ज की गई।

वहीं IMD ने आज उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश, बिहार और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इन सभी 10 राज्यों में आज भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही आज हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कोंकण- गोवा, गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

ये भी पढ़े: Weather Update: दिल्ली में इस दिन से मिलेगी गर्मी से राहत, IMD ने बताया कब होगी बारिश

आईएमडी के मुताबिक एक निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-पूर्व राजस्थान और उसके आसपास मौजूद है, जबकि मानसून ट्रफ अपने पश्चिमी छोर पर अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण में और पूर्वी छोर पर अपनी सामान्य स्थिति के उत्तर में सक्रिय है। वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान से उत्तर-पूर्व अरब सागर तक मौजूद है। इसके मॉनसून के साथ मिल जाने से भीषण बारिश हुई है, जिसने हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में तबाही मचा दी है।