Hindi News

indianarrative

Taliban के खिलाफ किसने छेड़ दी जंग! Kabul में लगातार दूसरे दिन बड़ा धमाका- 22 घायल, इतने लोगों की हुई मौत

Kabul में लगातार दूसरे दिन बड़ा धमाका

अफगानिस्तान में तालिबान के आने के बाद से कई आतंकी संगठन चुनौती बने हुए है। लगातार बम ब्लास्ट और हमलों में आम जनता को निशाना बनाया जा रहा है। जब से तालिबान सरकार आई है उसके बाद से ही अफगानिस्तान में हमले बढ़ गए हैं। खासकर काबुल की सड़कों पर तो कभी भी धमाका हो जाता है। मस्जिदों तक में कई धमाके हो चुके हैं। अभी कल ही एक धमाके में कम से कम 8 लोगों के मारे जाने की खबर थी। अब एक बार फिर से काबुल में ही बम धमाका हुआ है। जिसमें 22 लोग घायल हो गए हैं। इसमें लोगों की जान भी गई है।

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में शनिवार को एक बम विस्फोट में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 22 अन्य घायल हो गए। तालिबान के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। काबुल पुलिस प्रमुख के लिए तालिबान द्वारा नियुक्त प्रवक्ता खालिद जादरान ने बताया कि विस्फोट पश्चिमी काबुल के पुली-ए सोख्ता इलाके में हुआ। उन्होंने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। हमले की तत्काल किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है।

एक दिन पहले ही शुक्रवार को काबुल के सर-ए करेज इलाके में एक धमाका हुआ था। जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 18 अन्य घायल हो गए थे। यह धमाका शिया इलाके में एक मस्जिद के पास हुआ था। तालिबानी प्रवक्ता खालिद जादरान ने बताया कि यह ब्लास्ट पश्चिमी काबुल के शिया बहुल सर-ए करेज इलाके में हुआ। फिलहाल इस हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है। आशंका जताई जा रही है कि तालिबान के मुख्य प्रतिद्वंद्वी इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों ने इस हमले को अंजाम दिया है।

बता दें कि, तालिबानी शासन के बाद आतंकी संगठन आईएसआईएस ने अफगानिस्तान में मस्जिदों और अल्पसंख्यकों पर हमले बढ़ा दिए हैं। पिछले महीने काबुल क्रिकेट स्टेडियम में एक बड़ा धमाका हो गया था। जिसमें दो लोगों की जान चली गई थी। इस हमले की भी किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली थी। तब भी आशंका जताई गई थी कि इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों ने ही इस हमले को अंजाम दिया।