Hindi News

indianarrative

दुनिया देखेगी एक और जंग! यूक्रेन पर हमले की तैयारी में रूस, अमेरिका ने दिया यूरोप को अल्टीमेटम

होने वाला है एक और जंग

रूस जंग की तैयारी कर रहा है। रूस ने यूक्रेन की सीमा पर बड़े पैमाने पर सेना को तैनात किया है और कभी भी हमला बोल सकता है। ये चेतावनी अमेरिका ने यूरोप को दी है। अमेरिका ने बुधवार को रूस को चेतावनी दी थी कि वह एक और 'गंभीर गलती' करने से परहेज करे। अमेरिकी अधिकारियों ने यूरोप के अपने समकक्षों को रूसी हमले को लेकर अलर्ट किया है। अमेरिका ने यह चेतावनी ऐसे समय पर दी है जब उसका रूस के साथ काला सागर में युद्धपोत भेजने पर विवाद बढ़ा हुआ है।

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने यूक्रेन के विदेश मंत्री से मुलाकात के बाद कहा था कि उनका देश रूस की यूक्रेन के नजदीक असामान्‍य गतिविध‍ि से चिंतित है। इस बीच संयुक्त राष्ट्र में रूस के उप राजदूत दिमित्री पोलांस्की ने गुरुवार को कहा कि रूस तब तक यूक्रेन पर हमला नहीं करेगा, जब तक कि उसे ऐसा करने के लिए पड़ोसी या किसी और द्वारा उकसाया नहीं जाता।

इसके साथ ही रूस ने यूक्रेन से कई खतरों और काला सागर में अमेरिकी युद्धपोतों की उकसावे वाली कार्रवाई का हवाला दिया। पोलांस्की ने यूक्रेन से लगती रूस की सीमा पर सैनिकों की तैनाती के सवाल के जवाब में यह बात कही। तैनाती से रूस पर अमेरिकी दबाव बढ़ गया है और बुधवार को अमेरिका के विदेश मंत्री ने यूक्रेन के विदेश मंत्री को आश्वासन दिया था कि यूक्रेन की सुरक्षा एवं क्षेत्रीय अखंडता के लिए अमेरिका प्रतिबद्ध है।