Hindi News

indianarrative

Bharat Bandh Live: दिल्ली-नोएडा DND और गुरुग्राम में लगा कई किलोमीटर लंबा जाम, भारत बंद की वजह से बदले ट्रेनों के रुट्स

courtesy google

आज भारत बंद का असर देश भर में दिख रहा है। दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में बंद की वजह से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन की वजह से कई किलोमीटर लंबा जाम देखने को मिल रहा हैं। सोशल मीडिया पर कई ऐसी तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें सैकड़ों गाड़ियां जाम की वजह से कतार में खड़ी दिखीं। हरियाणा के जींद में किसानों ने ट्रेन रोक दी। पंजाब के अमृतसर में भी किसानों ने रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया है। हरियाणा के सोनीपत में किसानों ने सड़क पर बड़े बड़े पत्थर रखकर रास्ता रोक दिया है।

यह भी पढ़ें- Yash Chopra Birthday: इंजीनियर बनना चाहते थे यश चोपड़ा लेकिन बन गए 'रोमांस किंग', उनके नाम पर भारत सरकार ने जारी किया डाक टिकट 

दिल्ली में किसानों के भारत बंद को देखते हुए लाल किले की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। लाल किले की तरफ जाने वाले सभी रास्तों को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया है। ताकि 26 जनवरी के दिन जैसे हालात नहीं बने। इस इलाके से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान आंदोलन की वजह से अब तक दिल्ली से जुड़ी कई ट्रेनें रद्द हुई हैं। नई दिल्ली से अमृतसर जाने वाली शान ए पंजाब सुबह 6.40 पर रद्द हो गई। नई दिल्ली-मोगा एक्सप्रेस भी सुबह 7 बजे रद्द हो गई। पुरानी दिल्ली-पठानकोट एक्सप्रेस भी रद्द हो गई।

यह भी पढ़ें- गुड न्यूज! कमजोर हो रहा कोरोना वायरस, गिरने लगा संक्रमित मरीजों का ग्राफ, जानें बीते 24 घंटे में आंकड़े

दिल्ली से कटरा जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस दिल्ली से सुबह 6 बजे चली लेकिन पानीपत स्टेशन पर खड़ी है। नई दिल्ली-अमृतसर शताब्दी और नई दिल्ली कालका शताब्दी भी रद्द कर दी गई है।  इसके अलावा, गुरुग्राम में भी कई किलोमीटर लंबा जाम देखने को मिला। दिल्ली-नोएडा डीएनडी और मुंबई अहमदाबाद हाइवे पर भी गुरुग्राम जैसी ही तस्वीर दिखी। लंबा जाम नजर आया। किसानों ने आज शाम चार बजे तक के बंद का एलान किया है। बंद को 12 राजनीतिक दलों का समर्थन है।