Hindi News

indianarrative

Russian Army के आगे घुटने टेक रही Zelensky की सेना- अब इस शहर पर भी शुरू किया हमला

यूक्रेन के विनित्सिया शहर पर रूस का हमला

रूस की नई रणनीति इस वक्त खूब काम आ रही है। हाल ही के दिनों में रूसी सेना ने अपने युद्ध के रणनीति में बदलाव किया है जिसके बाद से वो यूक्रेन के प्रमुख शहरों को टार्गेट कर रही है। इसका उसे खूब फायदा हुआ है क्योंकि, इस वक्त रूस के कब्जे में यूक्रेन के कई शहर हैं। यूक्रेनी सेना लगातार रूसी सेना के आगे घूटने टेक रही है। यूक्रेन के पूर्वी हिस्से पर रूस ताबड़तोड़ हमला कर रहा है। हाल ही में लुहांस्क पर कब्जा करने के बाद दोनेत्सक प्रांत में भी हमले तेज हो गए हैं। लुहांस्क में यूक्रेन के नियंत्रण वाला अंतिम शहर लिसिचांस्क भी इस महीने की शुरुआत में रूसी सेना के कब्जे में चला गया। इधर यूक्रेन के विनित्सिया शहर पर भी हमला तेज कर दिया है।

यूक्रेन के विनित्सिया शहर में गुरुवार को रूस के मिसाइल हमले में 21 लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। राजधानी कीव से 268 किलोमीटर दूर दक्षिण-पश्चिम में स्थित शहर विनित्सिया में रूस ने तीन मिसाइल दागी। यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के उप प्रमुख किरिलो ताइमोशेंको ने मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम पर लिखा कि काला सागर में रूस की एक पनडुब्बी से शहर में कैलिबर क्रूज मिसाइल दागी गई। रूस ने हमले की पुष्टि नहीं की। हालांकि रूस के टेलीविजन नेटवर्क 'आरटी' की प्रमुख मारग्रेटिया सिमोनियन ने कहा कि विनित्सिया में एक इमारत को निशाना बनाया गया क्योंकि यह यूक्रेन के 'नाजियों का ठिकाना' है।

बता दें कि, विनित्सिया यूक्रेन के सबसे बड़े शहरों में से एक है जिसकी आबादी 3,70,000 है। यूक्रेन में रूस के हमलों की शुरुआत के बाद से हजारों लोग पूर्वी यूक्रेन छोड़ चुके हैं। विनित्सिया पर हमले के पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय ने पिछले दिनों रूसी सैनिकों के हमलों में पांच नागरिकों की मौत और आठ अन्य के घायल होने की बात कही थी। दक्षिणी शहर मायकोलिव में मिसाइल के हमले में एक व्यक्ति घायल हो गया। शहर में बुधवार को हमले में पांच लोगों की मौत हो गई।