Hindi News

indianarrative

स्वतंत्रता दिवस पर Putin ने दी बधाई, बोले- विश्व मंच पर India को काफी प्रतिष्ठा हासिल है, कोई भी बोलने से पहले…

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा- भारत को विश्व मंच पर काफी प्रतिष्ठा हासिल है

रूस और भारत के बीच दोस्ती कई दशक के चलती आ रही है। समय-समय पर दोनों देश अपनी गहरी दोस्ती का प्रमाण देते रहते हैं। यूक्रेन पर हमले के चलते रूस को पश्चिमी देशों के कड़े प्रतिबंध से गुजरना पड़ रहा है ऐसे में भारत अपनी भूमिका निभाते हुए रूसी तेल खरीदने के साथ ही पुतिन के साथ खड़ा है। अंतरराष्ट्रीय दबाव के बावजूद भारत ने यूक्रेन युद्ध के बाद रूस का अनौपचारिक रूप से समर्थन करना जारी रखा है। अब पुतिन ने भारत की जमकर तारीफ की है। दरअसल, 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दुनियाभर के नातओं ने भारत को आजादी की शुभकामनाओं से भरा संदेश भेजा। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी सोमवार को 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय नेतृत्व और भारत के लोगों को बधाई दी।

रूसी राष्ट्रपति ने भारतीय को बधाई देते हुए अपने बधाई संदेश में लिखा कि, कृपया, भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर हार्दिक बधाई स्वीकार करें। स्वतंत्र विकास के दशकों में, आपके देश ने आर्थिक, सामाजिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और अन्य क्षेत्रों में सार्वभौमिक रूप से मान्य सफलता हासिल की है।

वहीं, पुतिन नए यूक्रेन युद्ध के बाद भारत के रुख का इशारों में जिक्र करते हुए कहा कि, भारत को विश्व मंच पर काफी प्रतिष्ठा प्राप्त है और और अंतरराष्ट्रीय एजेंडे पर दबाव वाले मुद्दों को हल करने में महत्वपूर्ण रचनात्मक भूमिका निभाता है। इस मौके पर पुतिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी बधाई दी और रूसी-भारतीय संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि- दोनों देशों के बीच खास संबंध हैं जो रणनीतिक साझेदारी की भावना से और विकसित हो रहे हैं। मास्को और नई दिल्ली विभिन्न क्षेत्रों में सफलतापूर्वक सहयोग कर रहे हैं, संयुक्त राष्ट्र, ब्रिक्स, एससीओ और अन्य बहुपक्षीय संरचनाओं के ढांचे के भीतर प्रभावी ढंग से बातचीत कर रहे हैं। दोनों देशों के बीच लोगों से लोगों के बीच संबंधों पर भी जोर दिया।

इसके आगे रूसी राष्ट्रपति ने लिखा कि, मुझे यकीन है कि संयुक्त प्रयासों से हम क्षेत्रीय औऱ वैश्विक स्तर पर सुरक्षा और स्थिरता को मजबूत करने के हित में काम करना जारी रखेंगे। हम अपने मित्र लोगों के लाभ के लिए उत्पादक अंतरराज्यीय संबंधों के विकास को सुनिश्चित करेंगे।