Hindi News

indianarrative

South korea: 3 साल बाद जश्न और हजारों की भीड़,हैलोवीन फेस्टिवल में ऐसे चली गईं 151 जिंदगियां

हैलोवीन पार्टी के दौरान मची भगदड़ से दर्जनों की मौत

दक्षिण कोरिया (South korea) की राजधानी सियोल के इटावन में हैलोवीन फेस्टिवल का आयोजन हो रहा था। चारों तरफ जश्न का माहौल था। वहीं इस बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। दरअसल, फेस्टिवल को सेलिब्रेट करने के लिए यहां भारी संख्या में लोग एकत्र हुए था। तभी भीड़ एक संकरी गली से निकलने की कोशिश करने लगी। लिहाजा धक्का-मुक्की शुरू हो गई। लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। बता दें, इस हादसे में करीब 151 लोगों के मारे जाने की खबर है। बताया जा रहा है इसमें ज्यादातर युवा और वयस्क हैं।

3 साल बाद किया पार्टी का आयोजन

दरअसल, साउथ कोरिया में 3 साल बाद इस पार्टी का आयोजन किया जा रहा था। क्योंकि कोविड संक्रमण की वजह से लगे प्रतिबंधों के चलते पिछले तीन साल से इस पार्टी पर भी रोक लगा दी गई थी। पार्टी में शामिल होने वाले अधिकतर लोगों ने मास्क और हैलोवीन की ड्रेस पहन रखी थी। चश्मदीदों ने बताया कि जैसे-जैसे शाम गहरी होती गई भीड़ अनियंत्रित होने लगी। लोगों का उत्साह चरम पर था। हर कोई जश्न के मूड में था, ये घटना शनिवार की रात करीब 10:20 बजे हुई। बताया जा रहा है कि इस दौरान 50 से अधिक लोगों को एक साथ हार्ट अटैक आया था।

वहीं स्थानीय अधिकारी ने बताया कि हादसे में करीब 82 लोग घायल हुए हैं। इसमें से 19 लोगों की हालत बेहद गंभीर है, उनका इलाज किया जा रहा है। साथ ही कहा कि मरने वालों का आंकड़ा अभी और भी बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि मरने वालों में ज्यादातर युवा हैं। हैलोवीन उत्सव के दौरान कई लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े। मरने वालों में 19 विदेशी लोग भी शामिल हैं।

सामान्य से 10 गुना ज्यादा थी भीड़

21 साल के चश्मदीद मून जू-यंग ने बताया कि लोग इतने ज्यादा थे कि पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोग वहां से निकलने के लिए गलियों का सहारा ले रहे थे। तभी कुछ लोग एक संकरी गली की तरफ बढ़ने लगे। यहां मौजूद भीड़ सामान्य से कम से कम 10 गुना ज्यादा था।

संकरी गली की ओर भागने लगे लोग

दमकल अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भीड़ अचानक एक संकरी गली की ओर भागने लगी। जो कि पहले से ही खचाखच भरी हुई थी। लोग एक दूसरे पर गिरने लगे। एक महिला ने बताया कि वह और उसकी बेटी भी जश्न मना रही थीं। जब हम वहां से निकले तो भीड़ में फंस गए थे। लोग यहां वहां भाग रहे थे। हम करीब एक घंटे से अधिक समय तक उस संकरी गली में फंसे रहे। बड़ी मुश्किल से वहां से निकाला गया। एजेंसी के मुताबिक सियोल के इटावन में हुए हादसे में करीब 350 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। वहीं अभी तक 151 लोगों की मौत हो गई है। इसमें 97 महिलाएं, 54 पुरुष शामिल हैं। जबकि 82 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। भगदड़ में मारे गए विदेशियों में ईरान, उज्बेकिस्तान, चीन, नॉर्वे के लोग शामिल हैं।