Hindi News

indianarrative

ये है दुनिया का सबसे तेज उड़ने वाला लड़ाकू विमान! कभी था भारतीय वायु सेना की शान, जाने इसका नाम

दुनिया का सबसे तेज लड़ाकू विमान

Fastest Fighter Jet: यह सवाल अक्सर लोगों के दिमाग में घूमता रहता है कि वर्तमान में दुनिया का सबसे तेज उड़ने वाला लड़ाकू विमान कौन सा है। मगर बहुत कम लोगों को पता है कि इस विमान ने आज से 59 साल पहले पहली उड़ान भरी थी। बावजूद इसके अपनी गति की वजह से यह विमान दुनियाभर के कई देशों में आज भी सर्विस में शामिल है, हालांकि इसे बनाने वाले देश ने अपनी वायु सेना से इसे रिटायर कर दिया है। यह विमान भारतीय वायु सेना में भी शामिल हो चुका है। तेज रफ्तार एक लड़ाकू विमान को युद्ध में एक विशिष्ट लाभ देती है, जिससे वह या तो दुश्मन के विमानों का पीछा कर सकता है या उनसे आगे निकल सकता है। हालांकि, इसके लिए एक विमान को तेज गति के कारण पैदा होने वाले तनाव को सहन के लिए पर्याप्त रूप से मजबूत भी होना चाहिए।

सबसे तेज लड़ाकू विमान कौन सा?

दुनिया का सबसे तेज लड़ाकू विमान रूस का मिग-25 (MiG-25) है। इसे 1960 के दशक में सोवियत संघ में एक सुपरसोनिक इंटरसेप्टर के तौर पर डिजाइन किया गया था। भारत के पास 8 मिग-25 लड़ाकू विमान थे। मिग-25 लड़ाकू विमान को प्रोजेक्ट ई-155 के तौर पर बनाया गया था। इसके पहले प्रोटोटाइप ने 1964 में पहली उड़ान भरी। मिग-15 का परीक्षण 1965 से 1970 तक जारी रहा। मिग-25 लड़ाकू विमान को औपचारिक रूप से सोवियत संघ की वायु सेना में 1972 में शामिल किया गया था। उस वक्त इसका काम अमेरिकी सुपरसोनिक बमवर्षक और टोही विमानों का मुकाबला करना था। मिग-25 की टॉप स्पीड मैक 2.83 से कहीं ज्यादा है। यह लड़ाकू विमान 3000 किलोमीर प्रति घंटा की गति से भी तेज उड़ान भर सकता है। अगस्त 1977 में सोवियत टेस्ट पायलट अलेक्जेंडर फेडोटोव ने मिग-25 को 37,650 मीटर की ऊंचाई पर उड़ाकर हवा में सांस लेने वाले पहले जेट विमान होने का रिकॉर्ड बनाया है। इसे आज तक कोई नहीं तोड़ पाया है।

ये भी पढ़े: America के F-16 Fighter Jet के सामने कूद पड़ा भारत का Tejas, इस देश में मच गया बवाल

एफ-18 को मार गिराने का रिकॉर्ड

1991 में एक इराकी मिग-25 ने एक यूएस एफ/ए-18 हॉर्नेट लड़ाकू विमान को मार गिराया था। यह घटना खाड़ी युद्ध के समय की है। यह खाड़ी युद्ध के दौरान हवा से हवा में होने वाली लड़ाई में अमेरिका की एक मात्र आधिकारिक क्षति भी है।

कौन से विमान मिग-25 से भी तेज?

अमेरिका के लॉकहीड मॉर्टिन का यूएस एसआर-71 ब्लैकबर्ड टोही विमान मैक 3.4 गति प्राप्त कर सकता था। लेकिन यह लड़ाकू विमान नहीं था। इसे दुनिया का सबसे तेज मानवयुक्त जेट विमान माना जाता है। अमेरिका का YF-12 भी मिग-25 से तेज था, लेकिन कभी प्रोडक्शन लाइन में नहीं आ सका।