Hindi News

indianarrative

Arvind Trivedi Death: नहीं रहे रामानंद सागर की रामायण के ‘रावण’, 83 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

Arvind Trivedi Death

टीवी के सबसे लोकप्रिय धोरावाहिक रामायण में रावन की भूमिका निभाने वाले एक्टर अरविंद त्रिवेदी (Arvind Trivedi) का निधन हो गया। अरविंद त्रिवेदी की उम्र 83 साल थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 82 वर्षीय अरविंद त्रिवेदी का मंगलवार (05 अक्टूबर) की रात को हार्टअटैक से निधन हो गया। बता दें कि बीते लंबे वक्त से अरविंद उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। वहीं वो पिछले कुछ वक्त से चलने में भी असमर्थ हो गए थे।

अरविंद त्रिवेदी का अंतिम संस्कार आज (बुधवार) सुबह मुंबई के दहानुकरवाड़ी श्मशान घाट में होगा। इस साल मई में अरविंद त्रिवेदी के निधन की खबरें सामने आई थीं, जिन पर उनके भतीजे कौस्तुभ ने इसे अफवाह बताते हुए विराम लगा दिया था। इसके अलावा रामायण में लक्ष्मण का रोल प्ले करने वाले सुनील लहरी ने इन अफवाहों पर भड़कते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी।

अरविंद त्रिवेदी का जन्म मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में हुआ। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत गुजराती रंगमंच से की। उनके भाई उपेंद्र त्रिवेदी भी गुजराती  सिनेमा का चर्चित नाम रहे हैं और गुजराती फिल्मों में एक्टिंग कर चुके हैं। गुजराती भाषा की धार्मिक और सामाजिक फिल्मों से अरविंद त्रिवेदी को गुजराती दर्शकों में पहचान मिली, जहां उन्होंने 40 वर्षों तक योगदान दिया। उन्हें शानदार अभिनय के लिए कई पुरस्कार भी मिल चुके थे।

रामायण में उनके साथ काम कर चुके लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने अरविंद के निधन पर शोक जाहिर किया है। सुनील ने ट्विटर पर लिखा, 'बहुत दुखद समाचार है कि हमारे सबके प्यारे अरविंद भाई अब हमारे बीच नहीं हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। मैंने अपने पिता समान, मेरे गाइड और बेहतरीन इंसान को खो दिया।'  सुनील लहरी के अलावा भी कई सेलेब्स और फैन्स ने अरविंद को सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है।