Hindi News

indianarrative

White House में बाइडेन ने जलाया दिवाली का दीप उधर Pakistan पीएम इमरान का दिल जला

व्हाइट हाउस में दीप जले पाकिस्तान में दिल

व्हाइट हाउस में बाइडेन की दीपावली मनाते हुए फोटो देखकर पाकिस्तान के पीएम इमरान खान और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के दिल जल रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन भारतीय प्रधानमंत्री मोदी के गले में हाथ डालकर चहलकदमी करते हैं तो वहीं दीपावली का दिया जलाकर भारत के प्रति अपनी कृतज्ञता जताते हैं। वहीं पाकिस्तानी पीएम इमरान खान अभी तक बाइडेन के एक फोनकॉल के मोहताज हैं। चीन और पाकिस्तान को लग रहा है कि भारत के प्रधानमंत्री मोदी ने न केवल अमेरिका बल्कि रूस के राष्ट्रपति को भी अपने मोहजाल में बांध लिया है।

बहरहाल, भारत के सबसे बड़े त्यौहार दीपावली की धूम अमेरिका में भी नजर आई है। अमेरिका में रह रहे कई भारतीयों और भारतीय मूल के लोगों ने वहां पर दीपावली का त्यौहार मनाया है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन तथा उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने दीपावली के मौके पर अमेरिका और दुनियाभर में रह रहे हिंदू, शिख, बौद्ध और जैन धर्मों के लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं भी भेजी हैं। कमला हैरिस भारतीय मूल की हैं।

व्हाइट हाउस में दीपावली की तस्वीर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ट्विटर पर शेयर किया है और लिखा है  कि दिवाली का प्रकाश हमें अंधकार से ज्ञान की तरफ लेकर जाए। उन्होंने अमेरिका तथा दुनियाभर में रह रहे हिंदू, सिख, बौद्ध तथा जैन धर्म के लोगों को व्हाइट हाउस की तरफ से दीपावली की शुभकामनाएं भेजी हैं।

वहीं भारतीय मूल की महिला और अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी भारत को दीपावली की शुभकामनाएं भेजी हैं और कहा है कि इस साल कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए इस त्योहार के गहरे मायने हैं।

हैरिस ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘मैं यहां अमेरिका में और दुनियाभर में दीपों का उत्सव मना रहे सभी लोगों को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। विध्वंसकारी महामारी के मद्देनजर इस साल दिवाली के गहरे मायने हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह उत्सव हमें अपने देश के सबसे पवित्र मूल्यों, परिवार और दोस्तों के प्यार के लिए हमारे आभार, जरूरतमंद लोगों के प्रति मदद का हाथ बढ़ाने की हमारी जिम्मेदारी और अंधेरे पर रोशनी को चुनने की हमारी ताकत, ज्ञान और बुद्धिमत्ता की तलाश, अच्छाई और अनुग्रह का स्रोत बने रहने की याद दिलाता है। हमारे परिवार की ओर से मैं आप सभी को दिवाली की शुभकामनाएं देती हूं।’’