Hindi News

indianarrative

गौतम अडानी बने एशिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन, मुकेश अंबानी से निकले आगे, जानें कितनी बढ़ी संपत्ति

गौतम अडानी बने एशिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन

अडानी समूह के मुखिया गौतम अडानी अब एशिया के सबसे दौलतमंद अरबपति बन गए हैं।  उन्होंने नेटवर्थ के मामले में मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया है। यह उपलब्धि गौतम अडाणी ने पहली बार हासिल की है। आपको बता दें कि लंबे समय से मुकेश अंबानी शीर्ष अरबपति बने हुए थे। बुधवार को अडाणी ग्रुप की फर्मों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन 10 लाख करोड़ रुपए हो गया। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 14.91 लाख करोड़ रुपए पर आ गया। मार्केट कैप के हिसाब से रिलायंस आगे हैं, लेकिन गौतम अडाणी की उनकी कंपनियों में हिस्सेदारी अंबानी की तुलना में ज्यादा है। इस वजह से वह अंबानी से ज्यादा अमीर बन गए हैं।

हालांकि, दौलत आंकने वाली वेबसाइट ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स ने अरबपतियों की रैंकिंग को अपडेट नहीं किया है। वेबसाइट पर अब भी मुकेश अंबानी एशिया के सबसे दौलतमंद अरबपति बने हुए हैं। मुकेश अंबानी की दौलत 91 बिलियन डॉलर है और वह फिलहाल दुनिया के 12वें सबसे रईस अरबपति हैं। वहीं, गौतम अडानी की दौलत 88.8 बिलियन डॉलर के स्तर पर है। गौतम अडानी की रैंकिंग 13वीं है। ये संभव है कि अगले 24 घंटे में वेबसाइट पर रैंकिंग अपडेट हो जाए।

रिलायंस की सऊदी अरामको के साथ 15 अरब डॉलर की डील टूटने के बाद से रिलायंस के शेयरों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। ये गिरावट बुधवार को भी जारी रही। बुधवार को BSE पर रिलायंस का शेयर 1.48% गिरकर 2,350.90 रुपए पर बंद हुआ। इससे निवेशकों की 22,000 करोड़ रुपए की संपत्ति का सफाया हो गया। मुकेश अंबानी को इससे 11,000 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।