Hindi News

indianarrative

Bappi Lahiri Died: डूब गया हिंदुस्तानी संगीत का एक और सितारा, कुछ दिन पहले स्वर कोकिला लता मंगेश्कर का हुआ था निधन

courtesy google

बॉलीवुड के मशहूर सिंगर और संगीतकार बप्‍पी लहरी का आज मुंबई में जुहू के क्रिटी केयर अस्पताल में निधन हो गया है। 69 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। बीते दिनों संगीत की दुनिया का सबसे खूबसूरत सितारा कही जाने वाली लता मंगेशकर ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था और अब बप्पी लहरी को लेकर आ रही यह खबर फैंस को सदमे में डाल रही है। बताया जा रहा है कि बप्पी लहरी का निधन रात करीब 11 बजे हुआ। बप्पी लहरी पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज क्रिटी केयर अस्पताल में चल रहा था।

क्रिटी केयर अस्पताल के निदेशक डॉक्टर दीपक नामजोशी ने बताया कि 'लहरी जी को एक महीने के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था और सोमवार को उन्हें छुट्टी भी मिल गई थी। मंगलवार को अचानक उनकी हालत खराब हुई और उनके परिवार ने डॉक्टर को घर आने के लिए कहा। उन्हें वहां से अस्पताल ले जाया गया। उन्हें कई स्वास्थ्य समस्याएं थीं। उनका निधन ओएसए (ऑब्सट्रिक्टिव स्लीप एपनिया) की वजह से हुआ है।' बप्पी लहरी के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर उठ गई है। आपको बता दें कि बप्‍पी लहरी को अप्रैल 2021 में कोरोना वायरस संक्रमण भी हुआ था। उस दौरान उन्‍हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्‍पताल में भर्ती कराया गया था।

 

बप्पी दा के नाम से मशहूर बप्पी लहरी ने म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी धुन और गानों से एक अलग तरह का ही राग छेड़ा था। उनको सोना पहनना और हमेशा चश्मा लगाकर रखना बेहद पसंद था। गले में सोने की मोटी-मोटी चेन और हाथ में बड़ी-बड़ी अंगूठियां समेत सोने के ढेर सारे गहने पहनना उनकी पहचान थी। 1970-80 के दशक में बप्पी लहरी के गानों ने धूम मचा दी थी। फिल्म चलते चलते, डिस्को डांसर और शराबी जैसी फिल्मों में उनके गाने लोगों की जुबां पर आज तक सुनाई देते हैं। उनका आखिरी गाना साल 2020 में फिल्म बागी 3 के लिए 'भंकस' था।