Hindi News

indianarrative

राष्‍ट्रपति पद की उम्‍मीदवार चुने जाने पर ऐसा था Draupadi Murmu का रिएक्शन, जानिए क्या बोलीं?

द्रौपदी मुर्मू होंगी NDA की उम्मीदवार

बीजेपी ने राष्‍ट्रपति पद के लिए अपने उम्‍मीदवार की घोषणा कर दी है। इसके लिए बीजेपी ने द्रौपदी मुर्मू का चयन  किया है। महत्वपूर्ण बात ये है कि इतने बड़े पद के लिए उम्मीदवार चुने जाने से पहले पहले खुद द्रौपदी मुर्मु को इस की कोई खबर नहीं थी। ऐसे में मंगलवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि एनडीए की तरफ से द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए उम्मदीवार घोषित किया गया है।

झारखंड की पूर्व राज्यपाल और आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू आने वाले राष्ट्रपति चुनाव में भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार होंगी। भाजपा की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था, संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उनकी उम्मीदवारी की घोषणा की। ओडिशा में सिंचाई और बिजली विभाग में एक कनिष्ठ सहायक से लेकर भाजपा के नेतृत्व वाले राजग की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार नामित होने तक का सफर आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू के लिए बेहद लंबा और मुश्किल सफर रहा है। निर्वाचित होने पर मुर्मू आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखने वाली भारत की पहली राष्ट्रपति होंगी।

पीएम मोदी ने किया ट्वीट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी ने अपना जीवन समाज की सेवा और गरीबों, दलितों के साथ-साथ हाशिए के लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। उनके पास समृद्ध प्रशासनिक अनुभव है और उनका कार्यकाल उत्कृष्ट रहा है। मुझे विश्वास है कि वह हमारे देश की एक महान राष्ट्रपति होंगी। लाखों लोग, विशेष रूप से वे जिन्होंने गरीबी का अनुभव किया है और कठिनाइयों का सामना किया है, श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के जीवन से बड़ी शक्ति प्राप्त करते हैं। नीतिगत मामलों की उनकी समझ और दयालु स्वभाव से हमारे देश को बहुत लाभ होगा।

 राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार घोषित हैरान थी: मुर्मू

सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को कहा कि उन्हें ओडिशा के सभी दलों के सांसदों और विधायकों का समर्थन मिलने की उम्मीद है क्योंकि वह उस प्रदेश की बेटी हैं। जनजातीय नेता से राज्यपाल तक का सफर तय करने वाली मुर्मू ने कहा कि उन्हें टीवी के जरिये जानकारी मिली कि उन्हें राजग की ओर से देश के सर्वोच्च पद का प्रत्याशी घोषित किया गया है।

मुर्मू ने रायरंगपुर में अपने आवास पर संवाददाताओं से कहा, मैं आश्चर्यचकित और खुश हूं। मयूरभंज जिले से आने वाली एक आदिवासी महिला के रूप में मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे इस पद का उम्मीदवार बनाया जाएगा।” उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने आदिवासी महिला का चयन कर के भाजपा के नारे सबका साथ सबका विश्वास” को सिद्ध कर दिया है।