Hindi News

indianarrative

Lalu Prasad Yadav की बिगड़ी तबीयत, ICU में भर्ती- बेहोशी की हालत में लाए गए अस्पताल

लालू प्रसाद यादव की बिगड़ी तबीयत

राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की तबियत अचानक खराब हो गई है। जिसके बाद उन्हें पटना के एक अस्पताल में भर्ती किया गया है। वो अस्पताल बेहोशी के हालत में लाए गए थे जिसके बाद उन्हें ICU में भर्ती कराया गया है। हालांकि, इस वक्त उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि, वो सीढ़ियों से गिर गए थे जिसके बाद उनके कंधे में फ्रैक्चर हो गया था और उन्हें बेहोशी के हालत में अस्पताल लाया गया था।

शनिवार देर रात सीढ़ी से गिरने के बाद उनके दाहिने कंधे की हड्डी टूट गई और कमर में भी चोट आई है। रविवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उन्हें एक माह पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है। खबरों की माने तो, कहा जा रहा है कि, शनिवार की रात लालू प्रसाद अपने कमरे से बाहर निकल रहे थे। उसी समय सीढ़ी पर पैर फिसल गया और वे गिर गए। उन्हें उठाकर बिछावन पर लिटाया गया। रात में ही डॉक्टर को दिखाया गया। तत्काल दवा देकर उन्हें राहत पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन सुबह होते-होते उनकी परेशानी बढ़ गई। इसके बाद उनकी जांच कराई गई। एमआरआई भी कराई गई। जांच में कंधा टूटने की रिपोर्ट आई। इसके बाद उन्हें आराम करने की सलाह दी गई। लालू प्रसाद पहले से ही कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं।

बता दें कि, लालू प्रसाद यादव की तबीयत अक्सर खराब रहती है। वो पहले से ही कई बीमारियों से जूझ रहे हैं। जेल में रहने के दौरान भी उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लालू यादव डाइबिटीज, ब्लड प्रेशर, ह्रदय रोग, किडनी की बीमारी, तनाव, थैलीसीमिया, प्रोस्टेट का बढ़ना, यूरिक एसिड का बढ़ना, ब्रेन से सम्बंधित बीमारी, कमजोर इम्युनिटी, दाहिने कंधे की हड्डी में दिक्कत, पैर की हड्डी की समस्या, आंख में दिक्कत और ह्रदय संबंधित बीमारियों से जूझ रहे हैं।