Hindi News

indianarrative

Patna: पीएम मोदी की रैली में सीरियल ब्लास्ट करने वालों के गले में फांसी का फंदा, इम्तियाज ने कुकर बम तो हैदर बनाया था लोटस बम

पीएम मोदी की रैली में सीरियल ब्लास्ट करने वालों को फांसी की सजा

2014 लोकसभा चुनाव से पहले चुनावी रैली जोरो पर थी। 27 अक्टूबर 2013 को भाजपा की बिहार के पटना के गांधी मैदान में हुंकार रैली हो रही थी। गांधी मैदान में मोदी को सुनने के लिए लगभग 4 से 5 लाख लोग आए हुए थे। पूरा गांधी मैदान भरा हुआ हुआ था। करीब 9 बजे मैदान में धमाके की आवाज आई, गांधी मैदान में अफरातरफी मच गई। उसके बाद फिर दूसरा धमाका हुआ, फिर तिसरा। 12:45 बजे तक बैक-टू-बैक 7 बम ब्लास्ट किए जाते हैं। नरेंद्र मोदी जब भाषण दे रहे थे, तब भी 4 बम ब्लास्ट हुए थे। हमले में 6 लोगों की मौत हो गई थी। 89 लोग घायल हुए थे। पूरे देश में दहशत का माहौल था।

इस घटना के 8 साल बाद आज इसका फैसला आया है। NIA कोर्ट ने 9 आतंकियों को सजा का ऐलान कर दिया है। विशेष NIA कोर्ट के जज गुरविंदर सिंह मल्होत्रा ने 4 आतंकियों को फांसी की सुनाई है, जबकि 2 को उम्र कैद की सजा दी गई है। दो दोषियों को 10 साल और एक को 7 साल की सजा सुनाई है। नोमान अंसारी, हैदर अली उर्फ अब्दुल्लाह उर्फ ब्लैक ब्यूटी, मो. मोजिबुल्लाह अंसारी और इम्तियाज अंसारी उर्फ आलम को फांसी की सजा दी है। साथ ही उमर सिद्दीकी और अजहरूद्दीन को उम्र कैद की सजा दी है। यह सभी 6 आतंकी IPC के सेक्शन 302, 120B और UAPA एक्ट जैसे गंभीर धाराओं में दोषी करार दिए गए थे।

इनके अलावा कोर्ट ने अहमद हुसैन और फिरोज आलम उर्फ पप्पू को 10 साल और इफ्तिखार आलम को 7 साल की सजा सुनाई है। खास बात है कि इफ्तिखार की सजा 7 साल पूरी हो गई है। सिमी के आतंकवादियों के निशाने पर नरेंद्र मोदी ही थे। यह NIA की जांच और कोर्ट में पेश किए गए सबूतों से स्पष्ट हो चुका है। आतंकवादियों की साजिश पहले मानव बम के जरिए सीधे नरेंद्र मोदी को ही टारगेट करने की थी। इसके लिए झारखंड में रांची के ध्रुवा डैम के पास आतंकियों ने ट्रायल भी किया था।

धमाका करने के लिए  हैदर, इम्तियाज, मुजीबुल्लाह, नोमान और तारिक बस से रांची से पटना आए था। ये सभी पटना बाइपास पर उतरे और वहां से पटना जंक्शन और गांधी मैदान पहुंचे।  इम्तियाज और तारिक को पटना जंक्शन के शौचालय में बम प्लांट करना था। जबकि मुजीबुल्लाह व नोमान को गांधी मैदान में। मुजीबुल्लाह ने ही गांधी मैदान में आईईडी, आलू बम और लोटस बम प्लांट किए थे। इम्तियाज कूकर बम और हैदर अली उर्फ ब्लैक ब्यूटी मानव बम बनाने में माहिर है।

भाजपा की हुंकार रैली में हुए धमाके में 6 लोगों की जान गई थी और 89 लोग घायल हुए थे। मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने पीएम मोदी खुद बिहार आए थे और हर संभव मदद का वादा किया था।