Hindi News

indianarrative

हिमाचल में तेज हुई मतदान की रफ्तार,मतदान केंद्रों के बाहर लगीं लाइनें,11 बजे तक 17.98 फीसदी वोटिंग

Himachal Pradesh Assembly Election

 Himachal Election 2022 :हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की 68 सीटों के लिए मतदान (vote) शुरू हो गया है। राज्य में कुल 7884 मतदान केंद्रों पर शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे और विधानसभा चुनाव लड़ रहे 412 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद होगी। नतीजे 8 दिसंबर को घोषित होंगे। निर्वाचन आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में कुल 55,92,828 मतदाता हैं, इनमें 28,54,945 पुरुष और 27,37,845 महिला मतदाता हैं। इसके अलावा 38 ट्रांसजेंडर वोटर्स भी हैं। साल 2017 के हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में 75.57 फीसदी मतदान हुआ था। जरूरी बात मतदान के लिए उन प्रवासी मतदाताओं को मूल पासपोर्ट दिखाना होगा, जो पासपोर्ट विवरण अनुसार जन प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मतदाता सूचियों में शामिल हैं।

– हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव : दोपहर 11 बजे तक 17.98 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।

– भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने बिलासपुर के विजयपुर में मतदान केंद्र संख्या-53 में परिवार सहित मतदान किया। वोट डालने के बाद नड्डा ने कहा कि प्रजातंत्र की दृष्टि से देखा जाए तो आज का दिन त्योहार का दिन होता है जिस दिन जनता अपने मतों का प्रयोग कर अपनी पसंद की सरकार 5 साल के लिए चुनती है। मैं सबसे निवेदन करता हूं कि अधिक से अधिक मतों का प्रयोग करें और प्रजातंत्र को मजबूत बनाएं।

– कांग्रेस सांसद आनंद शर्मा ने हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए शिमला में सैनिक रेस्ट हाउस लॉन्गवुड मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद आनंद शर्मा ने कहा कि जनता का बदलाव का मूड है। कांग्रेस हिमाचल में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

– हिमाचल प्रदेश में सुबह 9 बजे तक 5.02% मतदान दर्ज किया गया – लाहौल और स्पीति में 1.56% और सिरमौर में 6.26% मतदान हुआ।

– हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, उनके बेटे और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और उनके परिवार ने हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए हमीरपुर के समीरपुर मतदान केंद्र पर वोट डाला।

– कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, ”प्रिय हिमाचल वासियों, आप सब अपने व अपने प्रदेश के हालातों को भलीभांति समझते हैं। अपनी परिस्थितियों को देखते हुए पूरी सूझबूझ से मतदान का कर्तव्य निभाएं व हालातों को बदलने व हिमाचल के भविष्य को बुनने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। जय हिंद। जय हिमाचल।”

– केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि उत्तराखंड, यूपी, मणिपुर और गोवा में फिर बनी हमारी सरकार, इस बार हिमाचल और गुजरात में भी जीत होगी…कांग्रेस को झूठे वादे करने की आदत है और जनता उनका असली चेहरा जानती है। हिमाचल में सुशासन, विकास और जनकल्याण के कई काम हुए हैं। केंद्र और राज्य (हिमाचल प्रदेश) में कांग्रेस की सरकार 10 साल रही। पुरानी पेंशन योजना को हटाने वाले और राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली को लागू करने वाली कांग्रेस पार्टी ही थी। ये चाहते तो पहले ही कर लेते। ये सिर्फ झूठे वादे करते हैं।

– हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह और उनके बेटे और पार्टी विधायक विक्रमादित्य सिंह ने शिमला के रामपुर में वोट डाला।

– हिमाचल प्रदेश के मंत्री और शिमला से बीजेपी विधायक सुरेश भारद्वाज ने शिमला विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र 63/87 पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि सुबह के रूझान के मुताबिक बीजेपी एक बार फिर से सरकार बनाएगी। लोग भारी संख्या में मतदान कर रहे हैं।

– बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वोटिंग से पहले परिवार सहित मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि आज का दिन विशेष है। हिमाचल की देवतुल्य जनता आज अगले पांच सालों के लिए अपना निर्णय करने वाली है। विवेकपूर्ण तरीके से प्रदेश और देश के हित में निर्णय करने वाली है। आज का दिन अगले पांच साल की नींव रखने वाला दिन है। इस बार रिवाज बदलेगा

– केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिमाचल विधानसभा चुनाव के दौरान मजबूत सरकार चुनने के लिए महिलाओं, युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है।

ये भी पढ़े: गुजरात-हिमाचल के हाल, सितारों की चाल, BJP जीतेगी या Cong और AAP हारेगी

चुनाव के लिए सुरक्षा बढ़ाई गई

राज्य में चुनाव स्वतंत्र एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा-व्यवस्था चाक चौबंद की गई है। इसकी सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है। राज्य पुलिस के 11880 जवान, 8381 होमगार्ड जवान के अलावा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 67 कम्पनियां तैनात रहेंगी। मतदान के लिए राज्य सरकार के 31536 कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

7881 मतदान केंद्र बनाए गए

चुनाव के लिए 7881 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं जिनमें 7235 ग्रामीण और 646 शहरी क्षेत्रों में हैं। इसके अलावा तीन सहायक मतदान केंद्र सिद्धबाड़ी, बड़ा भंगाल तथा ढिल्लवां में बनाए गए हैं। राज्य में 157 मतदान केंद्र महिलाकर्मी संचालित करेंगी।

मतदान के लिए ये दस्तावेज होंगे मान्य

राज्य चुनाव कार्यालय ने मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र जारी किए हैं। अगर किसी मतदाता के पास फोटो पहचान पत्र नहीं है, तो वह 12 अन्य वैकल्पिक फोटो पहचान पत्र दिखाकर मतदान कर सकेगा। ये पहचान पत्र आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक या डाकघर द्वारा जारी की गई फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की ओर से जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एनपीआर अंतर्गत आरजीआई का स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र/राज्य सरकार/सार्वजनिक उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कम्पनियों के कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त पहचान पत्र, सांसदों/विधायकों/विधानसभा परिषद सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड हैं।