Hindi News

indianarrative

Weather Update तपती भट्टी बने रहेंगे Delhi-NCR, सूरज देवता के कोप से कब मिलेगी मुक्ति – देखें रिपोर्ट

Weather Update सूरज देव के कोप से कब मिलेगी मुक्ति!

धरती का पारा आसमान छू रहा है। गरम हवा के थपेड़े, भट्टी से निकलने वाली तपिश का अहसास करा रही हैं। राजधानी दिल्‍ली सहित पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भीषण गर्मी के साथ लू की स्थिति बनी हुई है। आने वाले कुछ दिनों में भी राहत मिलने की उम्‍मीद नहीं है। भारत मौसम विज्ञान विभागका कहना है कि अगले चार-पांच दिनों में उत्तर-पश्चिमी भारत के साथ ही दिल्ली-एनसीआर भट्टी बने रहेंगे। टेंपरेचर में कोई बदलाव नहीं होगा।

दिल्ली के कई हिस्सो में रविवार को लू चली थी। छह स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा था। सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जबकि शनिवार को यह 43.9 डिग्री और शुक्रवार को 42.9 डिग्री सेल्सियस रहा था। मुंगेशपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री ज्‍यादा यानी 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह राष्ट्रीय राजधानी में सबसे गर्म स्थान रहा।

आईएमडी ने दिल्ली में सोमवार को कुछ स्थानों पर लू चलने की चेतावनी देते हुए 'येलो अलर्ट' जारी किया था। शहर में सोमवार को न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम है।

राजस्थान के ज्‍यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी है। रविवार को गंगानगर में दिन का अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के लोगों को अभी कुछ दिन गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, इस समय राज्य के अनेक हिस्सों में लू के हालात बने हुए हैं। 14-15 जून के बाद राज्य के कुछ भागों में प्री-मॉनसून गतिविधियां शुरू होने की संभावना है। आगामी तीन दिनों तक जोधपुर और बीकानेर संभाग के जिलों में 25-35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अपेक्षाकृत तेज धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है।