Hindi News

indianarrative

न्यूजीलैंड में करोड़ो साल पुराने राक्षस का जीवाश्म मिलने से हड़कंप, हैरत में पड़े दुनिया के वैज्ञानिक

न्यूजीलैंड में 8 करोड़ साल पुराना जीवाश्म मिला

Elasmosaurus: न्यूजीलैंड में आए एक चक्रवात के बाद 8 करोड़ साल पुराने एक विशाल समुद्री जीव का जीवाश्म पाया गया है। यह जीवाश्म फरवरी में आए चक्रवात गैब्रिएल के बाद मिला है। चक्रवात ने न्यूजीलैंड के उत्तरी द्वीप के माउंगटानिवा नेटिव फॉरेस्ट को हिट किया था। जिस वजह से जलमार्ग पूरी तरह पानी से भर गए थे और आसपास की चट्टानें और बोल्डर उखड़ गए थे। मार्च में इन्हें खोजा गया था, जिसकी घोषणा अब हुई। जीवाश्म विज्ञानियों के मुताबिक दो नए खोजे गए जीवाश्म एलास्मोसॉरस (Elasmosaurus) से जुड़े हो सकते हैं।

ये जीव विशाल गर्दन वाले समुद्री सरीसृप हैं, जो 45 फीट लंबे हो सकते थे। रिपोर्ट के अनुसार पत्थर पर इन जीवों के रीढ़ की हड्डी है। टीम को एक और जीवाश्म मिला जो मोसासौर से जुड़ा हो सकता है। ये जीव भी डायनासोर के समयकाल में समुद्र के बेहतरीन शिकारी थे। मोसासौर के जीवाश्म पहले भी न्यूजीलैंड में मिले हैं। वहीं साल 2015 में मंगाहौंगा स्ट्रीम में जीवाश्म दांत और आंशिक जबड़ा खोजा गया था।

चक्रवात ने हटाए बड़े-बड़े बोल्डर

गैब्रिएल एक विनाशकारी चक्रवात था, जिसने 12 से 16 फरवरी के बीच न्यूजीलैंड के उत्तरी द्वीप को तबाह कर दिया था। 1968 के बाद यह देश में आया सबसे घातक चक्रवात था, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। इंस्टीट्यूट ऑफ जियोलॉजिकल एंड न्यूक्लियर साइंसेज लिमिटेड की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक जहां जीवाश्म मिले हैं उस पहाड़ी क्षेत्र में नदियां अपने उफान पर थीं।

ये भी पढ़े: दुनिया में पहली बार! बिना नर के मादा घड़ियाल हुई गर्भवती, वैज्ञानिको के उड़े होश

पानी का शिकारी था एलास्मोसॉरस

एलास्मोसॉरस की गर्दन बेहद लंबी होती थी। शरीर का आधे से ज्यादा हिस्सा इनकी गर्दन का होता था। लंबी गर्दन 70 से ज्यादा कशेरुकाओं से बनी थी, जिसके कारण यह लचीली होती थी। इसके कारण यह सभी दिशाओं में शिकार करने में सक्षम थे। इस जीव का शरीर समुद्र के जीवन के हिसाब से अनुकूल था। इसके चार बड़े फ्लिपर्स थे, जिनका इस्तेमाल यह पानी में तेजी से तैरने के लिए करता था। इनकी संरचना आज के समुद्री कछुओं से मिलती-जुलती है। इसका सिर छोटा था, जिसमें नुकीले दांत होते थे।