Hindi News

indianarrative

Russia Ukraine War: बाइडेन ने पुतिन को बताया वॉर क्रिमिनल, यूक्रेन को घातक हथियार देगा अमेरिका

Courtesy Google

यूक्रेन-रूस के बीच जंग का आज 22वां दिन है। 6 देशों ने यूक्रेन में मानवीय स्थिति पर चर्चा करने के लिए आज यूएनएससी की आपातकालीन बैठक बुलाई है। यूक्रेन की ओर से दावा किया गया कि उसने रूस की सेना को भारी नुकसान पहुंचाया है। वही, रूस-यूक्रेन के बीच वार्ता को लेकर खबर सामने आई है कि दोनों देश शांति समझौते के एक हिस्से को जल्द ही अंतिम रूप दे सकते हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय अदालत ने रूस को आदेश दिया कि वह यूक्रेन पर तुरंत हमला बंद करे। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन को 800 मिलियन डॉलर की अतिरिक्त सुरक्षा सहायता देने की घोषणा की।

राष्ट्रपति जो बाइडन ने बुधवार को कहा कि रूस के खिलाफ अमेरिका यूक्रेन को उसकी रक्षा में सहायता के लिए और अधिक विमान-रोधी वाहन, हथियार और ड्रोन भेज रहा है। बाइडन ने कहा, 'हम यूक्रेन को आगे आने वाले सभी कठिन दिनों में लड़ने और अपनी रक्षा करने के लिए हथियार देने जा रहे हैं।' यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के खिलाफ यूक्रेन की लड़ाई में अमेरिकी संसद से और अधिक मदद की अपील करते हुए पर्ल हार्बर और 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकवादी हमलों का बुधवार को जिक्र किया।

हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि उनके देश के ऊपर उड़ान वर्जित क्षेत्र की घोषणा संभव नहीं हो सकती है। अमेरिकी संसद परिसर में सीधे प्रसारण वाले अपने संबोधन में जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिका को रूसी सांसदों पर अवश्य ही प्रतिबंध लगा देना चाहिए और रूस से आयात रोक देना चाहिए। साथ ही, उन्होंने अपने देश में युद्ध से हुई तबाही और विनाश का एक मार्मिक वीडियो सांसदों से खचाखच भरे एक सभागार में दिखाया। जेलेंस्की के संबोधन के कुछ घंटों बाद बाइडन ने कहा कि अमेरिका यूक्रेन को और अधिक मदद देने जा रहा है।

हालांकि, जेलेंस्की ने उड़ान वर्जित क्षेत्र की घोषणा करने पर जोर देने के बजाय रूसी हमला रोकने के लिए सैन्य मदद मांगी। बता दें कि वॉइट हाउस ने उड़ान वर्जित क्षेत्र घोषित करने के जेलेंस्की के अनुरोध को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। उनके संक्षिप्त संबोधन के पहले और बाद में सांसदों ने अपनी सीट पर खड़े होकर उनका अभिनंदन किया।