Hindi News

indianarrative

श्रीदेवी-माधुरी दीक्षित जैसी बॉलीवुड हसीनाओं को अपने ताल पर नचा चुके है बिरजू महाराज, दीपिका को भी बना चुके हैं ‘मस्तानी’

courtesy google

जब भी भारतीय शास्त्रीय नृत्य के बारे में बात की जाती है तो सबसे पहले पंडित बिरजू महाराज का नाम जरूर लिया जाता है। पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज का निधन हो गया है। बिरजू महाराज ने कत्थक को एक नई और अलग ही पहचान दी। बिरजू महाराज का जन्म 4 फरवरी 1939 को उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुआ था। वो महाराज लखनऊ के कत्थक के कालका-बिनदानिन घराने से ताल्लुक रखते थे। इतना ही नहीं उन्होंने कई बॉलीवुड एक्ट्रेसेस को भी अपनी ताल पर थिरकाया। बिरजू महाराज ने कई बॉलीवुड फिल्मों में कोरियाग्राफी की। उन्होंने बॉलीवुड की कई दिग्गज अभिनेत्रियों को अपनी ताल पर नचाया है।

बिरजू महाराज ने सबसे पहले सत्यजीत रे की फिल्म 'शतरंज के खिलाड़ी' में दो डांस नंबर की कोरियोग्राफी करने के साथ ही उन्हें अपनी आवाज भी दी थी। उन्होंने यश चोपड़ा की फिल्म 'दिल तो पागल' है में एक म्यूजिक पर कोरियोग्राफी की थी। ये कोरियोग्राफी उन्होंने अभिनेत्री माधुरी दीक्षित पर की। उन्होंने फिल्म के एक डांस सीक्वेंस के लिए माधुरी दीक्षित को कोरियोग्राफ किया था। इसके बाद बिरजू महाराज ने साल 2002 में रिलीज हुई फिल्म 'देवदास' में माधुरी दीक्षित को डांस सिखाया था। उन्होंने इस फिल्म का गाना 'काहे छेड़- छेड़ मोहे' की कोरियोग्राफी की थी।

यह भी पढ़ें- Birju Maharaj: 11 लड़कियों संग जन्मे 'बृजमोहन'! 13 साल की उम्र से बन गए कथक गुरू, जानें 'बिरजू महाराज' बनने का सफर

माधुरी हमेशा से ही उनकी पंसदीदा नृत्यांगना रही हैं। उनका मानना है कि माधुरी भी मीना कुमारी और वहीदा रहमान जैसी ही बेहतरीन डांसर हैं। जबकि उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि कटरीना कैफ को डांस करना नहीं आता, वो जो करती हैं उसे 'हिलना' कहते हैं। बिरजू महाराज ने बॉलीवुड की मस्तानी यानी कि दीपिका पादुकोण को भी अपनी ताल पर नचाया है। उन्होंने फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' के गाने 'मोहे रंग दो लाल' में दीपिका पादुकोण को कत्थक सिखाया था। दीपिका ने एक इंटरव्यू में बताया था कि इसे शूट करते वक्त वो रो पड़ी थीं क्योंकि उनसे ठीक से डांस हो नहीं पा रहा था।

इसके अलावा पंडित बिरजू महाराज ने फिल्म 'गदर' के गाने 'आन मिलो सजना' में भी कत्थक डांस की कोरियोग्राफी की है। वहीं माधुरी दीक्षित को तो उन्होंने तीन बार कोरियोग्राफ किया है। फिल्म 'डेढ़ इश्किया' के गाने 'जगावे सारी रैना' में माधुरी ने पंडित बिरजू महाराज द्वारा सिखाया कत्थक ही किया था।

यह भी पढ़ें- Birju Maharaj Dies: नहीं रहे कथक सम्राट बिरजू महाराज, अंताक्षरी खेलते-खेलते ली अंतिम सांस