Hindi News

indianarrative

Coronavirus ओमिक्रॉन से महाराष्ट्र में हुई पहली मौत, नाइजीरिया से लौटा था मरीज, नए वायरस का आंकड़ा 1000 से ऊपर

1000 पार ओमिक्रॉन के केस

भारत में ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित एक शख्‍स की महाराष्ट्र में मौत हो गई है। महाराष्ट्र के पिपरी चिंचवड इलाके के एक 52 वर्षीय शख्स की हार्ट अटैक से मौत हो गई। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, मरीज की मौत 28 दिसंबर को ही हो गई थी। नाइजीरिया से लौटे इस शख्स का इलाज पिंपरी चिंचवाड म्यूनिसिपल कॉरपोर्रेशन के यशवंत चव्हाण अस्पताल में चल रहा था। वह 13 साल से डायबिटीज का शिकार था।

ये भारत में ओमिक्रॉन संक्रमित किसी व्यक्ति की मौत का पहला मामला है। वहीं देश में ओमिक्रॉन के मरीजों की तादाद शुक्रवार को 1 हजार के आंकड़े को पार कर गई है। भारत में सिर्फ 28 दिनों में ही 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ओमिक्रॉन के मरीजों की कुल संख्या 1002 तक पहुंच गई। महाराष्ट्र में नए वैरिएंट के केस 450 तक हो गए हैं। यह देश में सबसे ज्यादा है। यहां शुक्रवार को एक ही दिन में रिकॉर्ड 198 मरीज मिले हैं।

हालांकि राज्य सरकार ओमिक्रॉन की दस्तक के बीच राज्य में कोरोना संक्रमण पर रोक लगाने के लिए कई प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में राज्य सरकार ने कई प्रतिबंध भी लगाए हैं। महाराष्ट्र में नाइट कर्फ्यू पहले से ही लगा हुआ है। वहीं राज्य सरकार ने गुरुवार से मुंबई में धारा 144 भी लागू कर दी है। ऐसे में मुंबई में नए साल के मौके पर पब, रेस्टोरेंट और होटल्स में पार्टी पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। मुंबई में 7 जनवरी तक ये नियम लागू रहेगा।

यह भी पढ़ें- कोरोना से कांप गई दिल्ली! पिछले 24 घंटे में 1313 नए केस, लॉकडाउन का अंदेशा