Hindi News

indianarrative

मेरठ के किसान ने कर दिखाया कमाल, पैदा कर दिखाया इतना लम्बा गन्ना, देख कर लोग हुए हैरान

courtesy google

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के एक किसान ने अपने खेत में 28 फीट के गन्ने की पैदावार कर सभी का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया। गन्ने की लंबाई देख हर कोई हैरान है। आमतौर पर गन्ना 14 से 15 फिट तक बढ़ता है, लेकिन 28 फीट का गन्ना लोगों के बीच चर्चाओं का विषय बना हुआ है। मेरठ जिले के कुडाना गांव के रहने वाले किसान प्रेम सिंह ने अपने पांच बीघा खेत में गन्ने की किस्म Co-0238 की खेती की।

जब गन्ने की फसल की कटाई का काम चल रहा था तो उस दौरान लोगों ने ध्यान दिया कि खेत के बीच में गन्ने की फसल का एक झुण्ड काफी लम्बा था। इस झुण्ड में 28 गन्ने थे। जब किसान ने इस गन्ने के झुण्ड कि कटाई शुरू कर उन्हें नापा तो इनकी लंबाई 28 फीट से ज्यादा निकली। ये देख किसान हैरान रह गये। इसको लेकर किसान प्रेम सिंह का कहना है कि आमतौर पर 18 फीट तक का गन्ना भी बहुत कम मिलता है। लेकिन यह गन्ना अब तक का सबसे अनोखे गन्ने की प्रजाति है, जिसमें एक बेंत में लगभग 70 गोले हैं।

चीनी मिल के अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। वहीं इस अनोखे गन्ने को देखने की लिए लोगों की भीड़ लगी हुई है। इसको लेकर राज्य के कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी का कहना है कि, किसान फसल की अच्छे उत्पादन और वृद्धि के लिए हार्मोन का इस्तेमाल करते हैं। जिस वजह से इस तरह के गन्ने  का उत्पादन होता है।

ध्यान रहे इससे पहले महाराष्ट्र के बारामती में सबसे ऊंचा 40 फीट का गन्ना एक किसान ने उगाया था। इतना ऊंचा गन्ना अभी तक किसी के खेत में पैदा नहीं हुआ है। मेरठ के कुडाना में पैदा हुआ गन्ना प्रदेश का सबसे ऊंचा गन्ना है।