Hindi News

indianarrative

Falgun Month 2022: रंगों का महीना ‘फाल्गुन’ आज से शुरू, देखें व्रत-त्योहारों की पूरी लिस्ट, जानें नियम और उपाय

courtesy google

माघ पूर्णिमा पर हिंदू कैलेंडर का 11वां महीना भी समाप्त हो गया है। आज से फाल्गुन का महीना शुरू हो गया है। इस दिन माघ नक्षत्र रहेगा और चंद्रमा सिंह राशि में विराजमान रहेगा। फाल्गुन माह भले ही साल का आखिरी महीना है, लेकिन यह माह अपने साथ बहुत-सी खुशियां लेकर आता है। फाल्गुन को रंगों का महीना भी कहा जाता है। पूरे फाल्गुन महीने पर वसन्त ऋतु की छटा बिखरी रहती है। सर्द ऋतु के अंत और गर्मी की शुरुआत का ये समय बड़ा ही सुहावना होता है। आपको बता दें कि फाल्गुन माह 17 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक चलेगा।

फाल्गुन माह में महाशिवरात्रि और होली का इंतजार सबको रहता है। महाशिवरात्रि फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को मनायी जाती है। महाशिवरात्रि के दिन देश में मौजूद अलग-अलग ज्योर्तिलिंगों के दर्शन का बहुत महत्व है। इसके अलावा होलाष्टक की बात करें तो होली से आठ दिन पहले होलाष्टक लगते हैं। होलाष्टक के दौरान कोई भी शुभ कार्य करने की मनाही होती है। जानिए फाल्गुन माह में पड़ने वाले सभी व्रत-त्योहारों के बारे में।  

 

फाल्गुन 2022 के व्रत एवं त्योहार

17 फरवरी, गुरुवार: फाल्गुन माह प्रारंभ

20 फरवरी, रविवार: द्विजप्रिय संकष्टी चतुर्थी

27 फरवरी, रविवार: विजया एकादशी

28 फरवरी, सोमवार: प्रदोष व्रत

01 मार्च, मंगलवार: महाशिवरात्रि

02 मार्च, बुधवार: फाल्गुन अमावस्या

04 मार्च, शुक्रवार: फुलैरा दूज

06 मार्च, रविवार: विनायक चतुर्थी

10 मार्च, गुरुवार: नंदगांव में फाग आमंत्रण महोत्सव, बरसाना में लड्डू होली, होलाष्टक प्रारंभ

11 मार्च, शुक्रवार: बरसाना में लट्ठमार होली

12 मार्च, शनिवार: नंदगांव में ये लट्‌ठमार होली

14 मार्च, सोमवार: आमलकी एकादशी, रंगभरी एकादशी

15 मार्च, मंगलवार: मीन संक्रांति, प्रदोष व्रत

17 मार्च, गुरुवार: फाल्गुन पूर्णिमा, होलिका दहन, छोटी होली

18 मार्च, शुक्रवार: होली, फाल्गुन पूर्णिमा व्रत

 

महाशिवरात्रि 2022: इस साल महाशिवरात्रि का पर्व 01 मार्च दिन मंगलवार को है। फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को हर साल महाशिवरात्रि मनाई जाती है। इस दिन भगवान शिव की विधिपूर्वक पूजा की जाती है।

बरसाना होली 2022: बरसाना की प्रसिद्ध होली इस साल 10 मार्च से प्रारंभ हो जाएगी, जिसमें फाग आमंत्रण महोत्सव, लड्डू होली, लट्ठमार होली आदि मनाई जाती हैं।

होलिका दहन 2022: इस साल होलिका दहन 17 मार्च दिन गुरुवार को है। इस दिन होलिका दहन होगा। होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।

होली 2022: होलिका दहन के अगले दिन होली का त्योहार मनाते हैं। इस साल होली 18 मार्च को है। इस दिन लोग एक दूसरे को रंग और गुलाल लगाते हैं

 

 

फाल्गुन में किस देवता की उपासना करें?

फाल्गुन महीने में श्री कृष्ण की पूजा उपासना विशेष फलदायी होती है। इस महीने बाल कृष्ण, युवा कृष्ण और गुरु कृष्ण तीनों ही स्वरूपों की उपासना की जाती है। संतान के लिए बाल कृष्ण की पूजा करें। प्रेम और आनंद के लिए युवा कृष्ण की उपासना करें। ज्ञान और वैराग्य के लिए गुरु कृष्ण की उपासना करें।

 

फाल्गुन के नियम और सावधानियां

इस महीने शीतल या सामान्य जल से स्नान करें। भोजन में अनाज का प्रयोग कम से कम करें। अधिक से अधिक फल खाएं। कपड़े ज्यादा रंगीन और सुन्दर धारण करें। सुगंध का प्रयोग करें। नियमित रूप से भगवान कृष्ण की उपासना करें। पूजा में फूलों का खूब प्रयोग करें। इस महीने में नशीली चीजों और मांस-मछली के सेवन से परहेज करें।

 

फाल्गुन के महाउपाय

फाल्गुन के महीने में भगवान कृष्ण की नियमित पूजा करनी चाहिए। उन्हें पूरे महीने अपने मनपसंद रंग का गुलाल अर्पित करना चाहिए। इससे तमाम तरह की मनोकामनाएं पूर्ण होंगी। रोज सुबह स्नान के बाद भगवान श्रीकृष्ण की उपासना करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति हो सकती है।