Hindi News

indianarrative

Aditya L1 Mission: सूर्य के गर्मी से किस तरह खुद को बचाएगा आदित्य L1? जानें ISRO का प्लान

Aditya L1 Mission: भारत अंतरिक्ष सेक्टर में एक के बाद एक ऊंची छलांग लगा रहा है। 23 अगस्त को चंद्रयान-3 मिशन के तहत रोवर की चांद के साउथ पोल पर सॉफ्ट लैंडिंग कराई और अब अपने सौर मिशन को पूरा करने की दिशा में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने अपना पहला कदम बढाया। शनिवार यानी 2 सितंबर को इसरो ने श्रीहरिकोटा से आदित्य एल1 का सफल प्रक्षेपण किया। अब से चार महीने बाद, अंतरिक्ष यान सूर्य के निकट अपनी हेलो कक्षा, एल1 पर सफलतापूर्वक स्थापित हो जाएगा।

सूर्य मिशन को आदित्य एल-1 नाम क्यों?

विशेषज्ञों ने मिशन (Aditya L1 Mission) के सफल प्रक्षेपण व विज्ञान एवं मानवता के लिए इसके महत्व को सराहा। पृथ्वी और सूर्य के बीच पांच लैग्रेंजियन बिंदु (पार्किंग क्षेत्र) हैं जहां पहुंचने पर कोई वस्तु वहीं रुक जाती है। सूर्य मिशन को आदित्य एल-1 नाम इसलिए दिया गया क्योंकि यह पृथ्वी से 15 लाख किमी दूर लैग्रेंजियन बिंदु1 (एल1) में रहकर अपने अध्ययन कार्य को अंजाम देगा। अब सवाल है कि सूर्य के इतने अधिक तापमान में हमारा आदित्य एल1 काम कैसे करेगा? कितनी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा और सूर्य के रहस्यों को कितना जान पाएगा आदित्य एल 1?

सूर्य के रहस्यों का पता लगाना कितना मुश्किल?

सूर्य के रहस्य का अध्ययन करना काफी चुनौतिपूर्ण है, क्योंकि इसके सतह का तापमान 9941 डिग्री फारेनहाइट है। सूरज के बाहरी कोरोना का तापमान अभी तक मापा नहीं जा सका है। माना जाता है कि इसका तापमान लाखों डिग्री फारेनहाइट होगा, जिससे सूरज के नजदीक पहुंचना नामुमकिन है। इसी को देखते हुए आदित्य एल1 पृथ्वी और सूर्य के बीच की कुल दूरी के लगभग एक प्रतिशत दूरी 15 लाख किलोमीटर पर मौजूद एल1 की पास की कक्षा तक जाएगाय। इसरो के साइंटिस्ट का मानना है कि एल1 बिना किसी बाधा के लगातार सूर्य के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दे सकेगा।

सूरज के तेज तापमान से खुद को कैसे बचाएगा आदित्य एल1?

सूर्य के प्रचंड ताप से बचने के लिए आदित्य एल1 (Aditya L1 Mission) में अत्याधुनिक ताप प्रतिरोधी तकनीक लगाए गए है। इसके बाहरी हिस्से पर स्पेशल कोटिंग की गई है, जो सौर ताप से उसे बचाए रखेगा। इसके अलावा एल1 में मजबूत हीट शील्ड और अन्य उपकरण भी लगाए गए हैं।

यह भी पढ़ें: चन्द्रयान-3 की सफलता के बाद सूर्य की ओर बढ़े ISRO के कदम, भारत का पहला सूर्य मिशन आदित्य एल-1 लॉन्च।

अंतरिक्ष के मौसम में सूर्य की गतिविधियों में कोई भी परिवर्तन पृथ्वी पर प्रभाव डालने से पहले एल1 पर दिखाई देता है जो पूर्वानुमान के लिए एक छोटी लेकिन महत्वपूर्ण जानकारी होगी। आदित्य-एल1 का उद्देश्य कोरोनल मास इजेक्शन (सीएमई) सहित सूर्य की गतिविधि के विभिन्न पहलुओं को उजागर करना है। यह पृथ्वी के निकट अंतरिक्ष पर्यावरण की भी निगरानी करेगा और अंतरिक्ष मौसम पूर्वानुमान माडल को और सटीक बनाने में अहम साबित होगा।