Hindi News

indianarrative

China में बड़ा प्लेन हादसा, 132 लोगों से भरा यात्री विमान क्रैश, सभी के मौत की आशंका

China में बड़ा प्लेन हादसा, 132 लोगों से भरा यात्री विमान क्रैश

सोमवार को चीन में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक यात्री विमान क्रैश हो गया है, जिसमें 132लोग सवार थे। खबरों की माने तो प्लेन में सवार सभी 132लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। यह घटना देश के दक्षिणपश्चिमी हिस्से में हुई है। चीन के सरकारी चैनल सीसीटीवी ने बताया है कि, बोइंग 737विमान गुआंग्शी क्षेत्र के वूझोउ शहर के पास ग्रामीण इलाके में क्रैश हुई है। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होते ही आग का बड़ा गुबार देखा गया है।

यह हादसा इतना भीषण था कि जहां विमान गिरा, उस पहाड़ पर आग लग गई। इस घटना पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गहरा दुख जताया है और मामले की जांच का आदेश दिया है। अब तक इस हादसे के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है कि इसकी वजह क्या थी। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइट राडार 24के मुताबिक यह विमान 31,000फुट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे गिरा था। एक बयान में चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस ने कहा कि यही पुष्टि की जा सकती है कि विमान क्रैश हो गया।

फिलहाल इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। मीडिया रिपोर्टों की माने तो, विमान के परखच्चे उड़ गए और बांस के पेड़ों में भीषण आग लग गई। फिलहाल मलबे में लोगों के तलाशा जा रहा है, लेकिन किसी के भी जीवित पाए जाने की संभानना नहीं है। एयरलाइन कंपनी और चीन के उड्डयन मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि, विमान जब वुझोऊ शहर के ऊपर था, तब उससे संपर्क टूट गया था।

इस विमान ने दोपहर 1.11 बजे उड़ान भरी थी और उसे 3 बजकर 5 मिनट पर ग्वांगझू में लैंड करना था। लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि वह इस हादसे की खबर से हैरान और दुखी हैं। उन्होंने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच का आदेश दे दिया है। उन्होंने कहा कि लोगों को बचाने की हर संभावना पर काम होना चाहिए और यह भी पता लगाना जरूरी है कि आखिर यह घटना क्यों हुई।