Hindi News

indianarrative

Tokyo Olympic 2020 में Reel लाइफ दिखी Real, ‘चक दे इंडिया’ के ‘शाहरुख खान’ से कम नहीं हैं महिला हॉकी टीम के कोच

COURTESY- GOOGLE

टोक्यों ओलंपिक में 2 अगस्त को भारतीय महिला हॉकी टीम ने कमाल ही कर दिया। टीम ने क्वॉर्टर-फाइनल्स में ऑस्ट्रेलिया को हराकर पहली बार ओलंपिक्स के सेमी फाइनल में जगह बनाई। इस ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय टीम के कोच शोर्ड मारिन बेहद भावुक नजर आए। कोच शोर्ड मारिन सोशल मीडिया के स्टार बन गए। इस जीत के साथ ही बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान भी चर्चाओं में है।

दरअसल, शाहरुख खान ने फिल्म 'चक दे! इंडिया' में कबीर खान का किरदार निभाया था। फिल्म में वो भारतीय महिला खिलाड़ी के कोच के किरदार में थे। फिल्म में खिलाड़ियों का जोश बढ़ाने के लिए कई ऐसे सीन्स डाले गए, जिन्हें देखकर आज भी लोग भावुक हो जाते है। फिल्म में दिखाए गए ये सीन्स असल में लोगों को टोक्यो ओलंपिक के दौरान देखने को मिले।

कोच सोर्ड मारजेन चार साल पहले भारतीय हॉकी टीम से जुड़े थे। सोर्ड मारजेन मैच जीतने के बाद भावुक नजर आए। वो एक कोने में खड़े होकर बस अपने खिलाड़ियों को टकटकी निगाहों से देख रहे थे। सोर्ड मारजेन की खुशी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनकी आंखों से लगातार खुशी के आंसू छलक रहे थे।

इस जीत की खुशी जितनी कोच को हुई, उतनी ही खुशी शाहरुख खान को भी है। शाहरुख ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर टीम को जीत की बधाई दी। शाहरुख ने कोच के ट्वीट का जवाब देते हुए कहा- 'हां, कोई समस्या नहीं है.. बस अपने रास्ते से गोल्ड ले आना… एक अरब भारतीयों लिए…. इस बार धनतेरस भी 2 नवंबर को है, पूर्व कोच कबीर खान।'