Hindi News

indianarrative

कैरेबियन देश हैती के राष्ट्रपति की हत्या, देश में आपातकाल जैसे हालात

हैती के राष्ट्रपति की हत्या

कैरेबियन  देश हैती के राष्ट्रपति जोवेनल मोइस की घर में घुसकर हत्या कर दी।  इस हत्याकाण्ड के बाद हैती में आपातकाल जैसे हालात है। राष्ट्रपति की हत्या की पुष्टि हैती के अंतरिम प्रधानमंत्री क्लाउडी जोसेफ ने की है। बताया जा रहा है कि घर में घुसे कुछ कमाण्डोज ने राष्ट्रपति जोवेनल मोइस की गोली मारकर हत्या की है। राष्ट्रपति आवास की तरफ से जघन्य हत्याकांड के बारे में बयान जारी कर बताया गया है कि यह हमला बुधवार की सुबह करीब 1बजे किया गया है। इस हमले में प्रथम महिला भी घायल हो गई हैं।

जानकारी दी गई है कि कुछ अज्ञात लोगों ने राष्ट्रपति के निजी आवास में जाकर उनपर हमला कर दिया। जिसमें वो बुरी तरह से घायल हो गए, जिसके बाद उनका निधन हो गया। बताया जा रहा है कि एक कमांडो ग्रुप ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया है और उनके पास विदेशी हथियार थे। अंतरिम प्रधानमंत्री क्लाउडी जोसेफ ने कहा कि प्रथम महिला को भी गोली मारी गई है लेकिन इस हमले में उनकी जान बच गई। अंतरिम पीएम ने हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इसे घिनौना, अमानवीय और बर्बर कृत्य बताया है और साथ ही लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है। जोसेफ ने कहा है कि 'देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी तरह के उपाय किए गए हैं…लोकतंत्र और गणतंत्र की जीत होगी।'

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कुछ महीने पहले ही हैती के राष्ट्रपति जोवेनल मोइस ने आशंका जताई थी कि देश में कुछ लोग उनकी हत्या करने और उनकी सरकार को उखाड़ फेंकने की कोशिश जुटे हैं। इस मामले में फरवरी 2021 में पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था जो उनकी हत्या करने और उनकी सरकार को उखाड़ फेंकने की कोशिश जुटे थे। मोइस ने उस वक्त दावा किया था कि यह साजिश नवंबर, 2020 में शुरू हुई। हालांकि उन्होंने इसका कोई ब्योरा या सबूत नहीं सामने रखा था। उन्होंने बस इतना कहा था कि गिरफ्तार लोगों में एक न्यायाधीश और एक पुलिस महानिरीक्षक हैं।