Hindi News

indianarrative

Surekha Sikri: बालिका वधू की ‘दादी सा’ सुरेखा सीकरी नहीं रहीं, कार्डिएक अरेस्ट से हुआ निधन

बालिका वधू की 'दादी सा' सुरेखा सीकरी नहीं रहीं

दिग्गज अभिनेत्री सुरेखा सीकरी का कार्डिएक अरेस्ट से निधन हो गया है। वह 75 साल की थीं। उनके मैनेजर ने इसकी पुष्टि की है। सुरेखा लंबे समय से बीमार चल रही थीं।  2020 में सुरेखा सीकरी को दूसरी बार ब्रेन स्ट्रोक आया था। तभी से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। 2018 में सुरेखा सीकरी को पैरालाइटिक स्ट्रोक आया था।

शुक्रवार की सुबह सुरेखा सीकरी ने मुंबई में अंतिम सांस ली।  उनके मैनेजर ने कहा, ‘आज सुबह 75 साल की उम्र में सुरेखा सीकरी का कार्डिएक अरेस्ट से निधन हो गया। दूसरे ब्रेन स्ट्रोक के बाद वह तमाम जटिलताओं से जूझ रही थीं। परिवारवाले और केयर टेकर उनकी देखभाल कर रहे थे। परिवार इस वक्त प्राइवेसी चाहता है।‘

कैसा रहा सुरेखा सीकरी का करियर?

सुरेखा सीकरी ने थियेटर, फिल्मों और टीवी में काफी काम किया था। साल 1978 में पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म किस्सा कुर्सी का से सुरेखा ने एक्टिंग डेब्यू किया था। सुरेखा को तीन बार बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला है। उन्हें ये सम्मान फिल्म तमस (1988), मम्मो (1995) और बधाई हो (2018) के लिए मिला था। सुरेखा ने हिंदी के अलावा मलायलम फिल्मों में भी काम किया था। 

सुरेखा का जन्म उत्तर प्रदेश में हुआ था। 1971 में सुरेखा ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से ग्रेजुएशन की थी। 1989 में सुरेखा ने संगीत नाटक अकेडमी अवॉर्ड जीता था। सुरेखा के पिता एयरफोर्स में और माता टीचर थीं। सुरेखा ने हेमंत रेगे से शादी की थी। इस शादी के उनके एक बेटा है जिसका नाम राहुल सीकरी है। सुरेखा के पति हेमंत का 20 अक्टूबर 2009 में हार्ट फेल होने की वजह से निधन हुआ था। सुरेखा सीकरी ने अपने लंबे करियर में यूं तो कई दमदार रोल्स किए थे। लेकिन एक रोल जिन्हें उन्हें घर घर में पॉपुलर बनाया वो था बालिका वधू में किया गया कल्याणी देवी का रोल। सुरेखा सीकरी  2018 में आई फिल्म बधाई हो में नजर आईं थीं।