Hindi News

indianarrative

श्रद्धांजलि: Ramayan के ‘आर्य सुमंत’ चंद्रशेखर वैद्य का निधन, भारत छोड़ो आंदोलन में ले चुके है हिस्सा, जानें सबकुछ

photo courtesy Google

टीवी की लोकप्रिय सीरियल 'रामायण' में महाराज दशरथ के महामंत्री आर्य सुमंत का किरदार निभाने वाले एक्टर चंद्रशेखर वैद्य अब इस दुनिया में नहीं रहे। 98 साल की उम्र में चंद्रशेखर वैद्य ने मुंबई अंधेरी स्थित अपने घर में सुबह 7.10 बजे आखिरी सांस ली। चंद्रशेखर रामायण सीरियल के सबसे बुजुर्ग एक्टर थे। उस वक्त उनकी उम्र 65 साल थी। दरअसल चंद्रशेखर वैद्य और रामानंद सागर दोनों अच्छे दोस्त थे। उनके कहने पर ही इन्होंने आर्य सुमंत का किरदार निभाया था। वो लंबे समय से बीमार चल रहे थे। जिसके बाद अब उनका निधन हो गया।

निधन की जानकारी चंद्रशेखर के पोते विशाल शेखर ने दी। विशाल शेखर ने बताया कि दादाजी नींद में शांतिपूर्वक तरीके से चल बसे, तेज बुखार आने के चलते पिछले हफ्ते गुरुवार के दिन उन्हें मुम्बई के जुहू स्थित क्रिटी केयर अस्पताल में दाखिल कराया गया था लेकिन बुखार उतर जाने के बाद हम उन्हें एक दिन में ही वापस घर ले आए थे। उनकी इच्छा थी ऐसे नाजुक वक्त में वो परिवार वालों के साथ ही अपने आखिरी दिन बिताएं। उनकी इसी ख्वाहिश के चलते हम उन्हें अस्पताल से घर ले आए थे। घर में ही उनकी देखभाल के लिए अस्पताल जैसी तमाम व्यवस्था की गई थी।'

आपको बता दें कि चंद्रशेखर वैद्य का जन्म 7 जुलाई 1923 को हैदराबाद में हुआ था। इनके पिता सरकारी अस्पताल में डॉक्टर थे। चंद्रशेखर जब छोटे थे तब उनकी मां गुजर गई। आर्थिक तंगी के कारण चंद्रशेखर को स्कूल छोड़ना पड़ा। साल 1942 में वो भारत छोड़ो आंदोलन का हिस्सा बने। चंद्रशेखर वैद्य ने राम गोपाल मिल्स में काम किया। इसके बाद दोस्तों के कहने पर फिल्मों में किस्मत आजमाने मुंबई आ गए। उस वक्त इनकी जेब में केवल 40 रुपए थे। कई वक्त तक उन्होंने स्टूडियो के चक्कर काटे और आखिर में एक पार्टी सीन में छोटा सा रोल मिल गया।

चंद्रशेखर कुछ वक्त जूनियर आर्टिस्ट काम करने के बाद मुंबई छोड़कर पुणे में बतौर सिंगर काम किया। इसके बाद इन्होंने भारत भूषण के साथ मिलकर तीन फिल्में बनाई। साल 1950 में फिल्म बेबस से अपने करियर की शुरुआत की। पर्सनल लाइफ की बात करें तो महज 13 साल की उम्र में चंद्रशेखर वैद्य की शादी हो गई थी। इनकी बेटी रेनू अरोड़ा एक पैथोलॉजिस्ट हैं। बेटा अशोक चंडीगढ़ और अनिल अमेरिका में सेटल हैं। चंद्रशेखर वैद्य एक्टर शक्ति अरोड़ा के नानाजी भी हैं।