Hindi News

indianarrative

दिल्ली से पहले यूपी पहुंचा बर्ड फ्लू, कानपुर-लखनऊ के चिड़ियाघरों पर संकट!

दिल्ली से पहले यूपी पहुंचा बर्ड फ्लू, कानपुर-लखनऊ के चिड़ियाघरों पर संकट!

कोरोना का कहर अभी खत्म हुआ नहीं था कि देश में बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दिया है। बर्ड फ्लू से देश में दहशत का माहौल है। कई राज्यों में बर्ड फ्लू के केस मिले हैे। देश की राजधानी दिल्ली में भी कई जगहों पर कौवे की मौत हुई है। वहीं यूपी में कानपुर के जूलॉजिकल पार्क को बर्ड फ्लू के मामले मिलने के बाद अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया है। मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय ने शनिवार को कानपुर के चिड़ियाघर में आए पक्षियों में एवियन इनफ्लूएंजा की पुष्टि की है।

चिड़ियाघर आए एक पर्यटक ने कहा कि आज रविवार का दिन था और हमने बाहर सैर-सपाटे का प्लान बनाया था, लेकिन यहां आने पर हमें निराशा हाथ लगी। देश में केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में बर्ड फ्लू के मामलों की पुष्टि हो चुकी है। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को परामर्श भेजकर बीमारी को फैलने से रोकने के कदम उठाने को कहा है।

बता दें कि कानपुर चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू का संक्रमण मिलने पर चिड़ियाघर को सील कर दिया गया है। यहां पर चार पक्षियों की मौत की जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू के वायरस मिले हैं। कानपुर कमिश्नर राजशेखर के आदेश पर चिड़ियाघर के आसपास के इलाके को रेडजोन घोषित किया गया है। यहां पर प्रशासन और निवासी सभी अलर्ट हो गए हैं। कानपुर चिड़ियाघर में बर्ड प्लू की पुष्टि होने के बाद लखनऊ चिड़ियाघर में भी प्रशासन अलर्ट हो गया है। लखनऊ चिड़ियाघर के बर्ड सेक्शन को बंद कर दिया गया है। इस सेक्शन में लोगों की एंट्री बंद कर दी गई है। बर्ड सेक्शन के पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। वहां पर अब सैनिटाइजेशन किया जा रहा है।.