Hindi News

indianarrative

बारबरा से ‘राज’ बनकर मिला था मेहुल चोकसी, गिफ्ट में दिए थे नकली हीरे की अंगूठी, मिस्ट्री गर्ल ने खोले कई राज

बारबरा से राज बनकर मिला था मेहुल चोकसी

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) स्कैम मामले में आरोपी मेहुल चोकसी अभी कैरिबियाई देश डोमिनिका की पुलिस की गिरफ्त में है। मेहुल चोकसी की गर्लफ्रेंड बताई जा रही बारबरा जराबिका ने दावा किया है कि वो उससे राज बनकर मिला था। बारबरा का कहना है कि बीते साल जब वह एंटीगुआ गई थी तो मेहुल चोकसी से उसका परिचय हुआ था। भगोड़े हीरा कारोबारी ने अपना नाम राज बताया था।

बारबरा जराबिका को मेहुल चोकसी की गर्लफ्रेंड बताया जा रहा है, पहले मेहुल चोकसी की ओर से उसपर आरोप लगाए गए हैं। लेकिन अब बारबरा ने अपना पक्ष सबके रखा है। बारबरा जराबिका ने बताया कि वह मेहुल चोकसी की दोस्त थीं, मेहुल ने बारबरा को खुद का नाम ‘राज’ बताया था। बारबरा के मुताबिक, मेहुल चोकसी ने पिछले साल अपनी विजिट के दौरान उनसे बात की थी। उसने दोस्ती बढ़ानी शुरू की और फ्लर्ट किया। बाद में उसने उन्हें डायमंड और ब्रेसलेट गिफ्ट में दिए, लेकिन वो भी नकली निकले।

बारबरा ने कहा कि मेहुल चोकसी के परिवार और वकीलों की ओर से बेवजह उनके नाम को घसीटा जा रहा है। इस पूरे केस में मिस्ट्री वुमन कही जा रही बारबरा ने कहा कि मेरा मेहुल चोकसी को अगवा किए जाने के मामले से कोई लेना-देना नहीं है। बता दें कि मेहुल चोकसी ने वकीलों के जरिए दावा किया है कि उसका एंटीगुआ से अपहरण हुआ था। यही नहीं मेहुल चोकसी का दावा है कि 8 से 10 लोगों ने उसे किडनैप किया था, जिसमें बारबरा भी शामिल थी।

वहीं मेहुल चोकसी के आरोपों का खंडन करते हुए बारबरा ने कहा है कि उसके नाम को बेवजह घसीटा जा रहा है। इसकी वजह से वह और उसका परिवार तनाव में हैं। एंटीगुआ पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा था कि उसका बारबरा जराबिका के घर से अपहरण हुआ था। इसके बाद एक नाव पर इसे डोमिनिका ले जाया गया था। यही नहीं मेहुल चोकसी ने दावा किया है कि उसे जिस नाव से ले जाया गया, उसमें भारतीय मूल के भी दो लोग सवार थे। चोकसी का कहना है कि बारबरा ने उसके स्टाफ से दोस्ती कर ली थी और शाम को वॉकिंग के दौरान साथ रहती थी।

चोकसी का दावा है कि 23 मई की शाम को वह जब बारबरा के घर पर पहुंचा तो वहां मौजूद 8 से 10 लोगों ने उसकी पिटाई की थी। उन लोगों का कहना था कि वे एंटीगुआ पुलिस के आदमी हैं। चोकसी ने कहा कि उन लोगों का कहना था कि वे उसे पुलिस स्टेशन ले जाएंगे। इस पर जब मैंने वकील से बात कराने की मांग की तो उन्होंने मुझे जमकर पीटा। भले ही मेहुल चोकसी किडनैपिंग की थ्योरी बता रहा है, लेकिन बारबरा के बयान से उसकी बात गलत साबित होती दिख रही है।