Hindi News

indianarrative

Coronavirus केरल में स्थिति भयानक, देश में एक्टिव केस फिर 4 लाख के पार,अलर्ट पर कई राज्य

Corona Update

कोरोना के वायरस फिर से जाग गया है। देश में कोरोना की तीसरी लहर की आहट आ रही है। देश में शनिवार को कोविड-19 संक्रमण के 42,618 नए मामले सामने आए और 330 मरीजों की मौत हो गई। देश में एक्टिव  केस एक बार फिर से 4 लाख के पार हो गई है। देश में एक्टिव केस की संख्या 4,05,681 हो गई है, जो देश में संक्रमण के कुल मामलों का 1.23 फीसदी है।

देश में 31 अगस्त को एक्टिव केस की संख्या 3।70 लाख और 25 अगस्त को यह 3.22 लाख पर थी। मौजूदा सक्रिय मामलों में 60 फीसदी केस सिर्फ केरल में हैं। राज्य में फिलहाल 2,46,437 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट भी 17-18 फीसदी के बीच दर्ज की जा रही है। वहीं महाराष्ट्र में एक्टिव केस की संख्या देश के कुल मामलों का 12.43 फीसदी है। शुक्रवार को केंद्र सरकार ने भी बताया कि केरल, महाराष्ट्र, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश समेत 6 राज्यों के 18 जिलों में पिछले चार हफ्तों में कोविड-19 के नए मामले बढ़ते दिख रहे हैं।

बीते 10 दिन में से 9 दिन 40 हजार से ज्यादा नए केस आए हैं। 24 अगस्त से अब तक, यानी 12 दिनों में 11 बार ऐसा हुआ है जब एक्टिव केस में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सिर्फ 30 अगस्त को एक्टिव केस में 6,200 की कमी आई थी। पॉजिटिविटी रेट भी बढ़ रहा है। 23 अगस्त को यह 1.3% था, तो 2 सितंबर को 2.7% हो गया। आसान भाषा में समझें तो 23 अगस्त को 300 जांच करने पर 4 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही थी तो अब 8 संक्रमित मिल रहे हैं।

शुक्रवार को 29,322 लोग संक्रमित पाए गए। 22,938 लोग ठीक हुए और 131 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 41.51 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 38.83 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 21,280 लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 2.40 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।