Hindi News

indianarrative

इन 4 राज्यों 1 लाख से ज्यादा Corona के एक्टिव केस, ये हैं टॉप 12 राज्य, देखें पूरी लिस्ट

Corona Update

देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर लगातार कमजोर पड़ती दिख रही है, लेकिन अब भी कई राज्यों में एक्टिव केस चिंता की वजह बने हुए हैं। गुरुवार को 24 घंटों में देश भर में 67,208 नए केस दर्ज किए गए हैं और 1 लाख से ज्यादा लोग रिकवर हुए हैं। इसके साथ ही एक्टिव केसों की संख्या 8,26,740 ही रह गई है। हालांकि अब भी देश के 4 राज्य ऐसे हैं, जो चिंता की वजह हैं और यहां कुल एक्टिव केसों के आधे मामले हैं। इन राज्यों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु शामिल हैं। सबसे ज्यादा 1,51,566 एक्टिव केस कर्नाटक में हैं, जबकि महाराष्ट्र में 1,36,661 मामले हैं।

इसके अलावा तमिलनाडु 1.14 से ज्यादा केसों के साथ तीसरे और केरल 1,09,799 केसों के साथ चौथे नंबर पर है। इन राज्यों के अलावा बात करें तो 5वें नंबर पर आंध्र प्रदेश है, जहां 71 हजार से ज्यादा एक्टिव केस हैं। इन पांचों राज्यों के आंकड़ों को मिलाकर देखें तो यहां 5.80 लाख के करीब केस हैं, जो देश भर के कुल मामलों के मुकाबले 70 फीसदी से ज्यादा हैं, जो चिंता का विषय है। यही नहीं कर्नाटक में संक्रमण की दूसरी लहर में तेजी से मामले बढ़े हैं और इसने महाराष्ट्र को भी पीछे छोड़ दिया है। यही नहीं ओडिशा में भी केसों की रफ्तार काफी अधिक बनी हुई है। फिलहाल यहां एक्टिव केसों की संख्या 42 हजार से ज्यादा बनी हुई है। वहीं असम में फिलहाल 38 हजार से ज्यादा एक्टिव केस हैं।

इसके अलावा हाल ही में विधानसभा चुनाव से गुजरे पश्चिम बंगाल में भी 21,152 कोरोना के एक्टिव केस हैं। यह आंकड़ा यूपी, बिहार, राजस्थान जैसे बड़े राज्यों की तुलना में काफी अधिक है। covid19india.org के आंकड़ों के मुताबिक फिलहाल देश में कुल ऐसे 12 राज्य हैं, जहां कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या 10 हजार से अधिक है। इनमें से 4 में एक लाख के पार है, वहीं ओडिशा, बंगाल, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश,  तेलंगाना, पंजाब, असम और जम्मू-कश्मीर में कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या 5 अंकों में है।

राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत ऐसे कई राज्य हैं, जहां कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या कुछ हजार ही बची है। इसके अलावा नए केसों के मिलने की रफ्तार भी अब सैकड़ों में ही बची है। सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्य यूपी में अब एक्टिव केसों की संख्या 6,496 ही रह गई है। यह आंकड़ा भी बुधवार का है, साफ है कि गुरुवार को नए आंकड़े आने पर इसमें और कमी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा दिल्ली में यह संख्या 2,749 ही रह गई है। वहीं बुधवार को यहां 212 नए केस ही मिले थे। वहीं राजस्थान में अब 4,962 और मध्य प्रदेश में 3,273 एक्टिव मामले ही बचे हैं। इसके अलावा गुजरात, हिमाचल, झारखंड और उत्तराखंड में भी एक्टिव केसों की संख्या 5 हजार से कम ही रह गई है।