Hindi News

indianarrative

Corona Case in India: कोरोना से बड़ी राहत, 24 घंटे में मिले करीब 3.42 लाख मरीज, 3.44 लाख हुए ठीक

Corona case in india

भारत में कोरोना वायरस का कहर जारी है, मगर आज थोड़ी सी राहत देखने को मिली है। देश में गुरुवार को कोरोना वायरस नए केसों और मौतों के मामलों में मामूली गिरावट दर्ज की गई है जो कि राहत की खबर है।

बीते 24 घंटे में देश में 3 लाख 42 हजार 896 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई, जबकि 3 लाख 44 हजार 570 ठीक हो गए और 3,997 मरीजों की मौत हो गई। इस महीने ऐसा तीसरी बार हुआ जब नए मरीजों से ज्यादा ठीक हुए हैं। इससे 4 दिन पहले 10 मई को 3.29 लाख केस आए थे और 3.55 लाख संक्रमित ठीक हो गए थे। अगले ही दिन 11 मई 3।48 लाख नए मरीजों के मुकाबले 3।55 लाख संक्रमित रिकवर हो गए थे।

कोरोना की दूसरी लहर में सबसे ज्यादा एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 9 मई को 37.41 लाख थी, जो अब घटकर 37 लाख हो गई है। गुरुवार को इसमें 5,753 की कमी आई। देश में ठीक हो चुके कोरोना मरीजों की संख्या 2 करोड़ से ज्यादा हो गई है।

 बीते 24 घंटे में सामने आए कुल केस: 3,42,896

   बीते 24 घंटे में हुई कुल मौतें: 3,997

   कुल एक्टिव केस: 37,00,327

   कुल मौत: 2,62,350

कोरोना संकट से जूझ रहे महाराष्ट्र में नए मामलों में कुछ कमी आई है। महाराष्ट्र में बीते दिन 42 हज़ार के करीब नए केस दर्ज किए गए, जबकि 850 लोगों की मौत हुई। हालांकि, राज्य में अभी भी 5।33 लाख एक्टिव केस हैं, राज्य में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां भी बढ़ा दी गई हैं। राजधानी दिल्ली में भी कोरोना के नए मामलों में कुछ कमी आई है। दिल्ली में बीते दिन 10 हज़ार से कुछ ही ज्यादा केस दर्ज किए गए, जबकि 308 लोगों की मौत हुई। दिल्ली में अब एक्टिव केस की संख्या भी 80 हज़ार से कम हो गई है, जबकि सरकार के मुताबिक ऑक्सीजन की खपत भी कम हुई है।

देश के 18 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।