Hindi News

indianarrative

Coronavirus: महाराष्ट्र में लॉकडाउन? किसी भी वक्त हो सकता है ऐलान, सरकार ने कर लीं सारी तैयारी, मुंबई की 600 इमारतें सील

कोरोना लॉकडाउन

महाराष्ट्र में कोरोना से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। सरकार किसी भी समय लॉकडाउन का ऐलान कर सकती है। लॉकडाउन के लिए सरकारी स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुणे में मिनी लॉकडाउन का ऐलान पहले ही हो चुका है। कोरोना का मुंबई में भी भयानक असर फैल चुका है। मुंबई के विभिन्न इलाकों में अब तक 600 इमारतों को सील किया जा चुका है। बीएमसी की टीमें लगातार काम कर रही हैं।

जिस इमारत में एक से ज्यादा कोरोना केस मिल रहे हैं उसे तुरंत सील किया जा रहा है। कोरोना पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अब माइक्रो कन्सीलमेंट टेक्नीक का इस्तेमाल हो रहा है। मतलब यह कि जिस मकान या बिल्डिंग में कोरोना पेशेंट मिलेगा उसी को कंटेनमेंट जोन बना दिया जाएगा।

पुणे में आज से शाम 6 से सुबह 6 बजे तक 12 घंटे का कर्फ्यू लगाया जाएगा। इस दौरान ट्रैवल, रेस्तरां में डाइन इन, बार और वीकली मार्केट पर प्रतिबंध रहेगा। धार्मिक स्थल और सिनेमा घर भी अगले 7 दिनों बंद रहेंगे।

महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना मरीजों को देखते हुए अगले 2 दिन में लॉकडाउन लगाने का फैसला किया जा सकता है। सीएम उद्धव ठाकरे ने इसे लेकर चेतावनी दी। उन्होंने शुक्रवार रात को राज्य को संबोधित करते हुए कहा, 'कोरोना संक्रमण पहले से ज्यादा बढ़ गया है और लॉकडाउन की संभावनाएं खत्म नहीं हुई हैं।' उद्धव ने कहा, 'हम लगातार विशेषज्ञों से विचार-विमर्श कर रहे हैं। अगले 2 दिन में राजनीतिक पार्टियों और अन्य महत्वपूर्ण लोगों से इस पर चर्चा कर फैसला लेंगे।'