Hindi News

indianarrative

Cyclone Tauktae: मुंबई में तबाही मचाने के बाद गुजरात के तट पर तौकते, सोमनाथ में तूफानी हवाएं और समुद्र में ऊंची डरावनी लहरें

गुजरात मे तौकते

चक्रवाती तूफान तौकते  (Cyclone Tauktae)  मुंबई में भारी तबाही मचाने के बाद गुजरात पहुंच रहा है। सोमनाथ में तूफानी हवाएं और समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें डरावनी हो गई हैं।  सोमवार को मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में बहुत तेज हवाएं और भारी बारिश हुई। तूफान के सामने जो कुछ भी आया, वह उसे अपनी चपेट में लेता गया। चक्रवाती तूफान की वजह से कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए, जबकि लोकल ट्रेनों की सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। मुंबई हवाई अड्डे को बंद कर दिया गया है। मुंबई हाई से दो नावों से एसओएस मैसेज आए हैं। दोनों नौका एक दूसरे से विपरीत दिशा में हैं। बचाव के लिए इंडियन नैवी ने अपने पोत रवाना कर दिए हैं। 

इससे पहले, रविवार को केरल, कर्नाटक और गोवा में भी तौकते ने अच्छी-खासी तबाही मचाई थी और छह लोगों की जान भी चली गई थी। हालांकि, तौकते से निपटने के लिए राज्यों की पुलिस, एनडीआरएफ, सरकार पूरी तरह से तैयार है। कोरोनाकाल होने के चलते इस बार केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कई दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। मंत्रालय ने कोविड अस्पतालों और ऑक्सीजन प्लांट्स पर विशेष नजर रखने के लिए कहा है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को चक्रवात तौकते के कारण तटीय राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा के मुख्यमंत्रियों के अलावा दमन और दीव के उपराज्यपाल से चर्चा की और ताजा स्थिति की जानकारी ली।

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी गांधीनगर में तौकते तूफान को लेकर बनाए गए कंट्रोल रूम में मौजूद हैं और तटीय इलाकों के अधिकारियों से स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

गुजरात के सोमनाथ में समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि तौकते गुजरात तट के बेहद नजदीक पहुंच गया है। तट से टकराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो अगले 2 घंटे तक जारी रहेगी।