Hindi News

indianarrative

एक नजर में देखिए अपने राज्य का हाल, जानिए कहां मिली छूट और किस राज्यों में बढ़ाया गया लॉकडाउन ?

photo courtesy Google

कोरोना की दूसरी लहर के संक्रमण के केस अब कम सामने आने लगे है। ज्यादातर राज्यों में कोरोना के मामलों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। जिसके चलते सख्ती से किए लॉकडाउन में अब सरकार धीरे-धीरे छूट दे रही है यानी राज्यों में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू कर रही है। आज कई राज्यों में लगी पाबंदियों पर छूट मिलने वाली है। चलिए आपको बताते है कि आपके राज्य में किन-किन चीजों पर छूट दी गई है और कहां लॉकडाउन को आगे बढ़ाया गया है। इस रिपोर्ट के जरिए आप अन्य राज्यों का भी हाल जान सकते है।

दिल्‍ली– दिल्‍ली मेट्रो की शुरुआत भी आज से हो रही है। लेकिन 50 प्रतिशत सीटिंग क्षमता के साथ दिल्ली मेट्रो चलेगी। दिल्‍ली सरकार ने अनलॉक के दूसरे हफ्ते में कुछ शर्तों के साथ बाजार और मॉल्स खोले जाएंगे। बाजार और मॉल्स की आधी दुकानें एक दिन खुल सकेंगी और आधी दुकानें दूसरे दिन, सरकारी-प्राइवेट दफ्तरों में 50% स्‍टाफ के साथ काम होगा। ग्रुप एक कर्मचारी 100 फीसदी आएंगे। ई-कॉमर्स डिलीवरी भी शुरू हो जाएगी।

महाराष्ट्र– महाराष्ट्र में अनलॉक के तीसरे चरण में मुंबई में आज से रेस्तरां, गैरजरूरी सामान वाली दुकानें और सार्वजनिक स्थल खोल दिए जाएंगे लेकिन मॉल, सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स बंद रहेंगे। बीएमसी द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों के मुताबिक, लोकल ट्रेनों में स्वास्थ्यकर्मी और जरूरी सेवा में लगे लोग ही यात्रा कर पाएंगे। महाराष्ट्र सरकार की अधिसूचना के मुताबिक, राज्य में संक्रमण दर पांच प्रतिशत से 10 प्रतिशत के बीच रहने और 60 प्रतिशत ऑक्सीजन बेड खाली रहने वाले नगर निगम और जिले को तीसरे चरण में रखा गया है।

बीएमसी के आदेश के मुताबिक जरूरी सामान बेचने वाली दुकानें शाम चार बजे तक खुली रह सकती हैं। गैरजरूरी उत्पाद बेचने वाली दुकानें सप्ताहांत पर शाम चार बजे तक खुली रहेंगी। मॉल, सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स बंद रहेंगे। मुंबई में रेस्तरां सप्ताह के कामकाजी दिनों में शाम चार बजे तक 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुल सकते हैं। पार्सल, होम डिलीवरी और खाना ले जाने की सुविधाएं जारी रहेंगी। मुंबई में सार्वजनिक स्थल और मैदान हर दिन सुबह पांच बजे से पूर्वाह्न नौ बजे तक खोले जा सकते है। निजी कार्यालयों में कामकाजी दिनों में 50 प्रतिशत क्षमता के साथ शाम चार बजे तक काम कर सकते हैं।

गुजरात- गुजरात में निजी और सरकारी कार्यालय आज से 100 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ काम कर सकते है। ये फैसला गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने शुक्रवार को सुनाया। राज्य में 4 जून से 36 शहरों में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक दुकानें खोने जाने की छूट दी गई थी। रेस्‍तरां अब रोज रात 10 बजे तक होम डिलीवरी कर सकेंगे।

ओडिशा और तमिलनाडु- तमिलनाडु सरकार ने 14 जून तक लॉकडाउन बढ़ाया है लेकिन चेन्नई समेत 27 जिलों में ढील दी है। इन जिलों में सब्जियों, मछली, फलों की बिक्री सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक हो सकेगी। सभी सरकारी दफ्तरों में 30% कर्मचारी काम कर सकेंगे। बड़ी फैक्ट्रियों को 50% कर्मचारियों को लाने की इजाजत है। इलेक्ट्रीशियन, प्लंबरिंग, बढ़ई एवं स्‍टेशनरी आदि की दुकानें सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेंगी। वहीं, ओडिशा सरकार ने नौपाड़ा, गजपति और सुंदरगढ़ जिलों में पाबंदियां कम करने का फैसला किया है। यहां पर जरूरी सामान के लिए दुकानें सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक खुलेंगी।

राजस्‍थान– राजस्‍थान में आज से सभी सरकारी दफ्तरों में 50% कर्मचारी आ सकेंगे। कई दुकानों को मंगलवार से शुक्रवार के बीच सुबह 6 से 11 बजे तक खुलने की अनुमति है। हालांकि, शॉपिंग मॉल और एसी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स फिलहाल बंद रहेंगे। यहां 30 जून तक अदालत के बाहर शादी समारोहों की अनुमति नहीं है। कोर्ट में भी 11 से ज्‍यादा लोग शादी में शरीक नहीं हो सकेंगे।

कर्नाटक– कर्नाटक में एक बार फिर से लॉकडाउन को बढ़ा दिया गया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि कोविड-19 की चेन को तोड़ने के लिए राज्य में 14 जून तक लॉकडाउन को बढ़ाया गया है।

केरल– केरल सरकार ने पिछले हफ्ते राज्य में लॉकडाउन को बढ़ा दिया था। केरल में 9 जून तक लॉकडाउन जारी है।

मध्य प्रदेश- मध्यप्रदेश ने 15 जून तक कोरोना कर्फ्यू बढ़ाया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 1 जून से धीरे-धीरे अनलॉक होने के बावजूद, लोगों और अधिकारियों को वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती उपाय करने की आवश्यकता है।

लेह- केंद्रशासित प्रदेश ने एक महीने के कोरोना कर्फ्यू के बाद धीरे-धीरे पाबंदियों को हटाने की घोषणा की। लगभग सभी क्षेत्रों में वाणिज्यिक गतिविधियों को खोलने की जानकारी देते हुए लेह जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष श्रीकांत सुसे ने बताया कि सार्वजनिक परिवहन, निजी कार्यालय, सैलून, ब्यूटी पार्लर, स्पा और जिम अगले आदेश तक बंद रहेंगे। वहीं निषिद्ध क्षेत्रों में ये छूट लागू नहीं होगी। जिले में सप्ताहांत कर्फ्यू और रात का कर्फ्यू पहले की तरह लागू रहेगा।

सिक्किम– सिक्किम सरकार ने राज्य में लागू लॉकडाउन को एक सप्ताह का विस्तार देते हुए रविवार को इसे 14 जून तक बढ़ाने की घोषणा की। लॉकडाउन संबंधी पाबंदियां 7 जून को समाप्त होने जा रही थीं। हालांकि, राज्य सरकार ने पाबंदियों में कुछ ढील भी दी है, जिसके तहत अब राशन व सब्जी और हार्डवेयर की दुकानें सुबह सात से दोपहर दो बजे तक खुल सकेंगी। पूर्व में दुकानें केवल अपराह्न 12 बजे तक खोलने की अनुमति थी।

तेलंगाना- तेलंगाना में कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार की रोकथाम को लेकर लॉकडाउन के विस्तार एवं अन्य मुद्दों पर चर्चा करने के लिए आठ जून को प्रदेश कैबिनेट की बैठक होगी। इसमें कोरोना वायरस, मेडिकल एवं स्वास्थ्य, कृषि अभियानों एवं लॉकडाउन के कारण राज्य की आर्थिक स्थिति आदि पर चर्चा होने की संभावना है। प्रदेश में लॉकडाउन 9 जून तक है।

पंजाब- पंजाब सरकार 10 जून तक लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा पहले ही कर चुकी है। ऐसे में अगले कदम की घोषणा अब इसी दिन या इसके एक दिन पहले की जाएगी।

हिमाचल प्रदेश और गोवा- हिमाचल प्रदेश और गोवा में कुछ छूट के साथ कोरोना कर्फ्यू 14 जून तक बढ़ा दी है। ओडिशा ने 17, राजस्थान ने 8, पश्चिम बंगाल ने 15, मध्यप्रदेश ने 15 जून तक कोरोना कर्फ्यू बढ़ाया है। राजस्थान एवं मध्य प्रदेश ने कुछ ढील दी है।