Hindi News

indianarrative

Delhi Rain: लंबे इंतजार के बाद दिल्ली-NCR में बरसे बदरा, कई इलाकों में हो रही झमाझम बारिश, कई राज्यों में अलर्ट

Delhi Rain

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह मॉनसून ने दस्तक दे दी है। दिल्ली के कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली और हरियाणा के गुरुग्राम में मॉनसून की एंट्री हो गई है। पिछले कई दिन से दिल्‍ली में नमी भरी पूर्वी हवाएं चल रही थीं, मॉनसून के बादल भी बन चुके थे, बस बारिश नहीं हो पा रही थी। मंगलवार को वह कसर भी पूरी हो गई।

 

आपको बता दें कि 15 जून से मॉनसून की बारिश के लिए दिल्‍ली वालों का इंतजार बना हुआ था। अब मौसम विभाग की भविष्‍यवाणी भी गलत ही साबित हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले दो दिन के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने कहा, दक्षिण पश्चिम मॉनसून आगे बढ़ गया है और 12 जुलाई को राजस्थान के अधिकतर स्थानों के साथ ही हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ और स्थानों पर दस्तक दे चुका है।

 

मौसम विभाग ने सोमवार को भी दिल्ली समेत उत्तर भारत में बारिश का अनुमान जताया था। लेकिन काफी इंतजार के बाद भी कल दिल्ली में बारिश नहीं हुई थी। लेकिन उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश की खबरें सामने आई थीं। आज राजधानी में बारिश की दस्तक के साथ ही उमस भी बढ़ सकती है। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही बादल छाए हुए थे। इससे पहले यानी सोमवार को दक्षिणी पश्चिमी मॉनसून राजस्थान के जैसलमेर और गंगानगर तक  हुंचा और दिल्ली व हरियाणा के इलाकों से छिटक गया था। लेकिन दिल्ली और गुरुग्राम में हुई बारिश ने तापमान भी कम कर दिया।

इन राज्यों में अलर्ट

आज महाराष्ट्र समेत देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग ने बारिश की तीव्रता के मद्देनजर अलग-अलग हिस्सों में रेड, यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट गुजरात, कर्नाटक के कुछ हिस्से और असम के लिए भी है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के लिए यलो अलर्ट है। मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, केरल और प।बंगाल के कुछ हिस्सों में भी यलो अलर्ट है। कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र  के लिए मौसम विभाग का रेड अलर्ट है।