Hindi News

indianarrative

‘तौकते’ तूफान का असर, दिल्ली-NCR में भारी बारिश, मई में ही दिल्ली में जलमग्न हुई सड़कें

Delhi Rain

तौकते तूफान का असर अब दिल्ली समेत उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में देखने को मिल रहा है। कई राज्यों में तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। राजधानी दिल्ली में कल से बारिश हो रही है। दिल्ली में बुधवार को तापमान में 23।8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी। यह सामान्य से 16 डिग्री सेल्सियस कम था। 1951 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब मई के महीने में दिल्ली के तापमान में इतनी बड़ी गिरावट दर्ज की गयी। इस गिरावट के साथ दिल्लीवासियों को गर्मी और लू से राहत मिली है।

दरअसल तूफान के प्रभाव से दिल्ली में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में बुधवार रात 8:30 बजे तक 60 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी है। जो 35 वर्षों में मई के महीने में 24 घंटे के अंदर हुई सबसे अधिक वर्षा है। इससे पहले दिल्ली में 24 मई 1976 को 24 घंटे में 60 मिमी बारिश दर्ज की गयी थी। रात भर हुई बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है।

 

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए NCR में ऑरेंज कलर कोडेड वॉर्निंग जारी की है। इसके तहत 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बारिश का अनुमान है। विभाग के मुताबिक, कमजोर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तराखंड की ओर बढ़ेगा और अगले दो दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश के साथ राज्य में भी बारिश कराएगा। एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर भारत के कुछ हिस्सों को भी प्रभावित कर रहा है। दो वेदर सिस्टम की वजह से यहां भी बारिश होने की उम्मीद है।