Hindi News

indianarrative

Unlock Delhi: दिल्ली में सोमवार से फिर दौड़ेगी मेट्रो

दिल्ली में सोमवार से फिर दौड़ेगी मेट्रो

कोरोना महामारी की दूसरी लहर से जूझने के बाद राजधानी दिल्ली एक बार फिर अनलॉक होने की ओर बढ़ रही है। कोरोना के मामलों के नियंत्रण में आने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 7 जून से कुछ रियायतें देने का फैसला किया है। इनमें मेट्रो रेल को दोबारा शुरू किया जाना भी शामिल है। केजरीवाल ने कहा है कि गतिविधियों में सोमवार सुबह 5 बजे से रियायत दी जाएगी।

इसके तहत मेट्रो रेल (Delhi Metro) भी शुरू होगी। लेकिन अभी केवल 50 फीसदी क्षमता के साथ ही परिचालन करेगी। देश की राजधानी दिल्ली में 10 मई से दिल्ली मेट्रो का परिचालन बंद है। इससे पहले जरूरी सेवाओं में लगे लोगों के लिए मेट्रो का संचालन किया जा रहा था। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, राजधानी में कोविड-19 नियंत्रण में है। शनिवार को 400 नए केस सामने आए हैं और पॉजिटिविटी रेट 0.50 फीसदी है। पिछले हफ्ते फैक्ट्री और कंस्ट्रक्शन एक्टिविटी (Factory & Construction Activities) खोली गई थी। आने वाले हफ्तों में कोरोना की स्थिति कंट्रोल में रही तो और भी छूट दी जाएगी।

इन्हें मिली छूट

दिल्ली मेट्रो 50 परसेंट यात्रियों के साथ फिर से चलेगी। 7 जून से ऑड-ईवन की तर्ज पर मॉल और दुकानें खुलेंगी। दुकानों के खुलने का समय सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक होगा। इसके साथ ही सरकारी दफ्तर में ग्रुप 'ए' अधिकारी 100 परसेंट काम करेंगे। बाकि अन्य ग्रुप के 50% कर्मचारियों की होगी उपस्थिति।

वहीं, प्राइवेट दफ्तर भी 50 परसेंट क्षमता के साथ खुलेंगे। स्टैंड अलोन शॉप और जरूरी सेवाओं वाली दुकानें ऑड ईवन की तर्ज पर खोली जाएंगी। ई-कॉमर्स से सेवाओं से जुड़ी दुकानें भी खुलेंगी।

इन पर जारी रहेंगी पाबंदियां

राजधानी दिल्ली में फिलहाल स्कूल, कॉलेज व अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। जिम, स्पा व स्टेडिम व स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स भी बंद रहेंगे। इसके साथ ही दिल्ली में लगने वाले साप्ताहिक बाजार भी बंद रहेंगे।