Hindi News

indianarrative

Delhi Unlock: आज से खुलेगी दिल्ली, मॉल, मेट्रो अभी रहेंगे बंद, जानें क्या-क्या खुलेगा, क्या होंगे नियम

Delhi Unlock

देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कहर से थोड़ी राहत मिलने लग गई है। ऐसे में दिल्ली में आज से कर्फ्यू में ढील दी जाएगी। अनलॉक-1 में सरकार ने सिर्फ निर्माण गतिविधियों और औद्योगिक इकाइयों को छूट दी है। वही औद्योगिक इकाइयां चलेंगी जो सरकार की ओर से मंजूरी क्षेत्र में चल रही होंगी।  हालांकि दिल्ली मेट्रो इस हफ्ते भी बंद रहेगी और गैर जरूरी सेवाओं के लिए भी कर्फ्यू 7 जून सुबह 5 बजे तक के लिए पहले की तरह ही जारी रहेगा।

लॉकडाउन के दौरान इंडस्ट्रियल एरिया में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, प्रोडक्शन यूनिट और कंस्ट्रक्शन साइट्स पर कामगारों और कर्मचारियों को जाने की अनुमति होगी लेकिन उन्हें आवाजाही के लिए ई-पास लेने होंगे। कर्मचारियों व मजदूरों के लिए उनके कॉन्ट्रैक्टर, फैक्ट्री मालिकों को ई-पास के लिए अप्लाई करना होगा। वर्कप्लेस पर केवल बिना लक्षण वाले श्रमिकों और कर्मचारियों को ही अनुमति दी जाएगी। सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे इसके लिए एक तय संख्या में आने की इजाजत होगी।

बता दें कि दिल्ली में बीते 20 अप्रैल को लॉकडाउन लगाया गया था। उसके बाद संक्रमण के चलते पांच बार इसे बढ़ाया गया है। आखिरी बार 23 मई को लॉकडाउन बढ़ाया गया था। अब सरकार अनलॉक की प्रक्रिया शुरू कर रही है। मगर अभी सिर्फ दो क्षेत्रों को ही राहत दी गई है।

दिल्ली सरकार ने अनलॉक में साफ कहा है कि जिसमें कोई लक्षण नहीं होगा उसे काम के लिए प्रवेश दिया जाएगा। निर्माण स्थल या फैक्ट्री स्थल पर थर्मल स्क्रीनिंग, सैनेटाइजेशन के अलावा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना होगा। इसके अलावा एक समय में कर्मचारियों की भीड़ न हो इसके लिए ऑफिस को अलग-अलग समय पर खोलने के लिए भी कहा गया है।

राष्‍ट्रीय राजधानी में कोरोना से बेकाबू हुईं स्थितियां अब संभलती दिख रही हैं। पिछले कुछ हफ्तों से कोरोना के नए मामलों में लगातार गिरावट देखने को मिली है। बीते 24 घंटे में यहां कोरोना के 946 नए मामले सामने आए। वहीं, इस दौरान 78 मरीजों की मौत हुई। 47 दिनों में पहली बार है जब राजधानी में मौत का आंकड़ा 100 के नीचे रहा है। इसके पहले 13 अप्रैल को मौत का आंकड़ा 100 से कम रहा था।