Hindi News

indianarrative

ED की बड़ी कार्रवाई, RJD के राज्यसभा सांसद एडी सिंह को किया गिरफ्तार, घोटाले का आरोप

RJD के राज्यसभा सांसद एडी सिंह को किया गिरफ्तार

दिल्ली से राजद सांसद एडी सिंह को फर्टिलाइजर घोटाले के आरोप में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया है। ईडी की टीम ने गुरुवार सुबह उन्हें गिरफ्तार किया है।  जानकारी के मुताबिक ईडी की टीम ने बिहार से राज्यसभा सांसद अमरेंद्र धारी सिंह उर्फ एडी सिंह को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी उर्वरक घोटाले के मामले में की गई है।

गिरफ्तारी के बाद सांसद ए.डी. सिंह का मेडिकल जांच करवाया गया और उसके बाद अब दिल्ली स्थित ईडी दफ्तर में रखकर पूछताछ की जा रही है। ईडी मुख्यालय के वरिष्ठ सूत्र के मुताबिक, यह गिरफ्तारी बहुचर्चित फर्टिलाइजर घोटाला मामले में की गई है। पिछले कुछ समय पहले ही केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने एक मामला दर्ज किया था। उसी मामले को आधार बनाते हुए ईडी ने ये केस टेकओवर किया और आगे इस मामले में कार्रवाई की जा रही है। दिल्ली, मुम्बई, हरियाणा सहित करीब 12 स्थानों पर छापेमारी भी की गई थी।

बीते साल मार्च में ही आरजेडी ने उन्हें राज्यसभा भेजा था। उस वक्त आरजेडी में भी उनके नाम से बहुत ज्यादा लोग वाकिफ नहीं थे और खुद पार्टी के नेताओं ने ही उन्हें उच्च सदन भेजे जाने पर हैरानी जताई थी। पार्टी सूत्रों का कहना था कि उन्हें लालू प्रसाद यादव का करीबी माना जाता है और उनके कहने पर ही उन्हें राज्यसभा भेजा गया है। उन्हें सांसद बनाने पर उठे सवालों का बचाव करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा था कि आरजेडी सिर्फ मुस्लिमों और यादवों की ही पार्टी नहीं है। हमने सभी जातियों और धर्मों से आने वाले लोगों को प्रतिनिधित्व दिया है।