Hindi News

indianarrative

Ladakh ITBP Holi: 17 हजार फीट की ऊंचाई पर जवानों ने मनाया होली का जश्न, जमकर झूमे

Ladakh ITBP Holi

पूरे देश में होली का पर्व बढ़े हर्ष और उल्लास से मनाया गया। जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा, अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी जवानों ने होली मनाई। एक दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही लद्दाख में 17000 फीट की ऊंचाई पर गलवान घाटी के पास आइटीबीपी के जवानों ने होली का पर्व मनाया।

17 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित गलवान घाटी के पास आईटीबीपी के जवानों ने जमकर होली खेली। ना सिर्फ उन्होंने एक दूसरे को रंग लगाया और मुंह मीठा कराया, बल्कि खूब नाचे। सपना चौधरी के गाने पर जवान देर तक थिरकते रहे। जवानों के चेहरों पर उस जीत का उत्साह साफ नजर आया है, जिसमें उन्होंने चीन को चित कर दिया।

आईटीबीपी के जवानों द्वारा मनाई गई इस होली का वीडियो भी जारी किया गया। जिसमें जवान एक दूसरे को रंग लगाते और जश्न मनाते दिखे। इस दौरान हरियाणवी गीत 'नौलखे ने फेल किया तेरे माथे वाला टीका' पर जवानों ने जमकर डांस भी किया।

बताते चलें कि, पूर्वी लद्दाख में पिछले साल की गर्मियों से ही सेना के जवान चीन की आक्रामकता का मुकाबला कर रहे थे। गलवान घाटी में 15 जून को दोनों देशों के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी।