Hindi News

indianarrative

लखनऊ दौरे पर जेपी नड्डा, भाजपा मुख्यालय में ‘राम’ की प्रतिमा का उद्घाटन किया

लखनऊ स्थित भाजपा मुख्यालय में श्रीराम की प्रतिमा का उद्घाटन किया गया। (फोटो...गूगल)

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश (जेपी) नड्डा लखनऊ के दो दिनी दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने भाजपा मुख्यालय में भगवान श्रीराम की प्रतिमा का उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी मौजूद रहे। इससे पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गोमती नगर विस्तार स्थित सीएमएस के सभागार में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित किया।

यहां उन्होंने कहा कि,  कार्यकर्ताओं में उत्साह, उमंग बता रहा है कि उत्तर प्रदेश का भविष्य आगे भी उज्जवल है। क्योंकि राजनीति में विचारों की पूंजी लेकर जो आगे बढ़ता है, वह सफल होता है, भारतीय जनता पार्टी विचारों, सिद्धांतों को लेकर आज तक चल रही है, इसलिए लद्दाख से लेकर केरल तक और पश्चिम से लेकर पूरब तक भाजपा का डंका बज रहा है।

लखनऊ शहर और ग्रामीण बूथ कार्यकर्ताओं के बीच उन्होंने कहा कि, "जिसे भाजपा में काम करने का मौका मिलता है वह भाग्यशाली है। सभी दल परिवारवाद चलाते हैं भाजपा में कार्यकर्ता नेता बनता है। प्राधनमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ साधारण परिवार से हैं। जिन्हें यह पद मिला है। भाजपा डेमोक्रेटिक पार्टी है। वामपंथ कहता है कि पेट की भूख सबसे बड़ी है। भाजपा शरीर, मन, बुद्धि सबसे आत्मसात होकर आगे बढ़ने की बात करती है। यह संतुष्टि है।"

उन्होंने कहा कि, "बूथ स्तर पर वोटरों की संख्या नौ सौ से एक हजार के बीच होती है। यहां एक-एक कार्यकर्ता को वोटर लिस्ट के एक पन्ने पर दर्ज तीस नामों से व्यक्तिगत संपर्क करना होगा। उनके सुख-दुख में शामिल होने के साथ ही उनके साथ भोजन करना होगा। यही नहीं केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में बताएं और लाभ दिलवाएं। यह काम अभी से शुरू करना है।"

उन्होंने प्रशंसा करते हुए कहा कि एक दिन की सूचना पर ढाई हजार से अधिक बूथ अध्यक्ष एकत्रित होना उनके जोश व पार्टी के प्रति समर्पित निष्ठा को बताता है। समाज में अच्छा काम करने वाले को गमछा और सॉल देकर सम्मानित करें। हर माह मन की बात में कार्यकर्ता स्वयं तो शामिल हो, साथ ही अपने बूथ के हर वर्ग को शामिल करें।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हर माह होने वाली बैठक में मंडल स्तर का पदाधिकारी अपने सेक्टर संयोजक, बूथ अध्यक्ष के साथ ही समाज के लोगों के साथ एकत्रित हो। हर व्यक्ति अपने घर से दो दो रोटी लेकर आए और अपने घर का खाना न खाकर दूसरे साथी के घर से लाए भोजन करे। इससे संगठन जहां मजबूत होगा, वहीं आपसी भाईचारा और बढ़ेगा।

बूथ अध्यक्ष के सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा ने अपने सिद्धांतों, राष्ट्रीय निष्ठा के बल पर राजनीतिक दलों के सामने नए मानक तय कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जहां भी वाद शब्द जुड़ता है, वह राष्ट्र को कमजोर करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा कहते हैं कि बूथ जीता तो चुनाव जीता। इसलिए बूथ हमेशा मजबूत रहना चाहिए। यूपी में 1.63लाख बूथ हैं, यहां कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करें।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि अपराध पर नकेल लगाने का काम योगी सरकार ने किया है। आज अपराधियों के अवैध मकानों पर बुलडोजर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की सक्रियता बढ़ी है।