Hindi News

indianarrative

बिहार: कौन बनेगा जदयू का अगला अध्यक्ष? नीतीश कुमार आज दिल्ली में करेंगे घोषणा, इनके नाम की चर्चा

कौन बनेगा जदयू का अगला अध्यक्ष?

जेडीयू का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा इसका फैसला आज दिल्ली में लिया जाएगा। दिल्ली के जेडीयू दफ्तर में आज राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होने वाली है। शाम चार बजे जंतर-मंतर स्थित पार्टी कार्यालय में होने वाली इस बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे। सूत्रों की मानें तो जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की ताजपोशी हो सकती है।

आपको मालूम हो की आरसीपी सिंह के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद खाली है। आज होने वाली बैठक के लिए सीएम नीतीश कुमार  भी पटना से दिल्ली पहुंच चुके हैं। इसके साथ ही शुक्रवार शाम को जेडीयू के पदाधिकारियों और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों का दिल्ली पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया था। यह बैठक मौजूद राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह की अध्यक्षता में होगी। इसी बैठक में नए जेडीयू अध्यक्ष के नाम पर मुहर लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

जेडीयू के सभी बड़े नेता आज दिल्ली के जंगर-मंतर स्थित पार्टी ऑफिस पहुंचेगे। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज शाम 4 बजे से शुरू होगी। वहीं आरसीपी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार से उनका संबंध वर्षों से है और आगे भी रहेगा। हमारे संबंध का कोई पैमाना नहीं है। वे हमारे नेता हैं और वर्षों से उनके साथ काम किया है। आगे भी करेंगे।