Hindi News

indianarrative

Bihar: एक हफ्ते के लिए और बढ़ाया गया लॉकडाउन, CM नीतीश कुमार ने किया एलान, जानें क्या खुला रहेगा क्या बंद

Corona Update

बिहार में 16 से 25 मई तक के लिए लागू लॉकडाउन को और 7 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है। अब 1 जून तक लॉकडाउन रहेगा। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी है। नीतीश कुमार ने ट्वीट कर लिखा, कोरोना संक्रमण को देखते हुए 5 मई 2021 से तीन सप्ताह के लिए लॉकडाउन लगाया गया था। आज फिर से सहयोगी मंत्रीगण एवं पदाधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की गई। लॉकडाउन का अच्छा प्रभाव पड़ा है और कोरोना संक्रमण में कमी दिख रही है। अतः बिहार में 25 मई के आगे एक सप्ताह के लिए अर्थात 1 जून, 2021 तक लॉकडाउन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

 

बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण से पिछले 24 घंटों में नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ के अनुमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार सिंह सहित 107 लोगों की मौत हुई है जबकि संक्रमण के 4002 नये मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रविवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, राज्य में अभी तक संक्रमण से कुल 4549 लोगों की मौत हुई है जबकि 6,76,045 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को कहा था कि लॉकडाउन में बिहारवासियों का अच्छा सहयोग मिल रहा है। जनता गाइडलाइन का पालन कर रही है। इसी का नतीजा है कि अब मरीजों की संख्या में कुछ दिनों में कमी आ रही है। मुख्यमंत्री ने बिहारवासियों से अपील करते हुए कहा कि इसके पूर्व भी मैंने आपको संबोधित किया है। बिहार में कोरोना के बारे में जानकारी दी है। अब भी दुनिया और देशभर के अन्य लोगों की तरह बिहारवासी भी कोरोना से जूझ रहे हैं। बिहार में जांच की संख्या बढ़ाई जा रही है। गांवों के लिए चलंत आरटीपीसीआर जांच वैन को रवाना किया गया है। इससे कोरोना में जांच की गति और बढ़ेगी। होम आइसोलेशन वाले मरीजों की ट्र्रैंकग ‘हिट कोविड नामक सॉफ्टवेयर’ से की जा रही है। इसमें स्वास्थ्य टीम नियमित घर-घर जाकर मरीजों का ऑक्सीजन लेवल व शरीर का तापमान  जांचती है।